पीड़िता ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का और जेठ पर छेड़खानी का आरोप
मुरादाबाद : थाना सिविल लाइन क्षेत्र निवासी विवाहिता ने राष्ट्रीय महिला आयोग को भेजी शिकायत में ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाया। साथ ही अपने जेठ पर छेड़खानी का भी आरोप लगाया था। आयोग ने पीड़ित महिला की शिकायत पर थाना सिविल लाइन मामले में जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए थे, जिसके बाद शनिवार को थाना सिविल लाइन पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र निवासी पीड़ित महिला ने राष्ट्रीय महिला आयोग नई दिल्ली में प्रार्थनापत्र दिया था। जिसमें उसने बताया था कि 21 नवंबर 2019 को उसकी शादी उत्तराखंड में जसपुर क्षेत्र निवासी युवक के साथ हुई थी। उसने आरोप लगाते हुए कहा कि उसके विवाह में उसके मायके वालों ने आरोपित ससुरालियों की मांग के अनुसार दहेज दिया था लेकिन शादी में मिले दहेज से ससुराल वाले नाखुश थे। आये दिन उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करते थे। 2020 में पीड़िता ने एक बेटी को जन्म दिया।
बेटी पैदा होने पर आरोपित उसका और ज्यादा उत्पीड़न करने लगे। 21 दिसंबर 2022 को आरोपित ससुराल वाले उससे 15 लाख रुपये की मांग करने लगे। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की। जेठ ने उसके साथ छेड़खानी की और उसे बच्चे समेत घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद विवाहिता मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में अपने मायके में आकर रहने लगी। इस मामले में पीड़ित महिला द्वारा राष्ट्रीय महिला आयोग से शिकायत की गई थी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन अर्पित कपूर ने बताया कि मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग के आदेश पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी तो के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।


