spot_img

Raipur: छत्तीसगढ़ में अतिथि शिक्षकों की भर्ती में मिलेंगे बोनस अंक

रायपुर:(Raipur) छत्तीसगढ़ में अतिथि शिक्षकों की भर्ती (Recruitment of guest teachers in Chhattisgarh) में बोनस अंक दिए जाएंगे। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय ने शनिवार देरशाम सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को अतिथि शिक्षकों को प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश जारी किए हैं।

छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के 12 हजार 489 पदों पर भर्ती की जा रही है। शिक्षा विभाग के स्कूलों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों को प्रत्येक वर्ष के लिए 2 बोनस अंक तथा अधिकतम 10 अंक दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। लोक शिक्षण संचालनालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी शैक्षणिक सत्र में एक वर्ष से कम अवधि के अध्यापन के लिए शून्य अंक देय होगा। एक पूर्ण शैक्षणिक सत्र के अध्यापन के लिए 2 अंक दिए जाएंगे।

संचालनालय ने कहा है कि निर्धारित प्रक्रिया अनुसार प्रमाण पत्र उन्हीं अभ्यर्थियों को जारी किया जाए, जिन्हें छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 24 जून 2019 को जारी पत्र अनुसार अतिथि शिक्षक के रूप में शासकीय शालाओं में अध्ययन के लिए व्यवस्था की गई है। इसके लिए आवेदक को स्वघोषणा पत्र के साथ आवेदन जिला शिक्षा अधिकारी को प्रस्तुत करना होगा। आवेदन पत्र में व्यापम पोर्टल पर बनाए गए अपने इनरोलमेंट नंबर एवं व्यापम में पंजीकृत अपना मोबाइल नंबर अंकित करेंगे।

संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी प्राप्त आवेदनों का संबंधित प्राचार्य के प्रमाणीकरण उपरांत, व्यक्तिगत रूप से संतुष्ट होने पर निर्धारित प्रारूप में प्रमाण पत्र, विशेष वाहक के माध्यम से लोक शिक्षण संचालनालय भिजवाएंगे, यहां से हस्ताक्षर होने के बाद प्रमाण पत्र अपने कार्यालय से संबंधित को वितरित किया जाएगा।

Explore our articles