जौनपुर : बक्शा थाना अंतर्गत थाने पर तैनात फॉलोअर की सोमवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने आवश्यक लिखा-पढ़ी करके शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
थाना क्षेत्र के सड़ेरी गांव निवासी 34 वर्षीय जितेन्द्र यादव नाटे की थाने पर बतौर फॉलोअर तैनाती थी। रविवार रात्रि में पुलिसकर्मियों को खाना खिलाने के बाद कुछ पुलिसकर्मियों को सूचना मिली की फॉलोअर जितेन्द्र की तबियत अचानक खराब हो गई है। थानाध्यक्ष के निर्देश पर पुलिसकर्मियों ने फॉलोअर को नौपेड़वा सीएचसी अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देख जिला अस्पताल रिफर कर दिया। जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।
चिकित्सकों के अनुसार संभव है कि फॉलोअर कुछ विषाक्त पदार्थ खा लिया था। पुलिस के अनुसार फॉलोअर का पत्नी से कुछ पारिवारिक विवाद हुआ था। मृतक फॉलोअर के पिता दयाराम यादव भी बक्शा थाने पर फॉलोअर के पद पर नियुक्त थे, जिनकी मृत्यु 4 वर्ष पूर्व हार्ट अटैक से हो गई थी। उसके बाद पुत्र जितेन्द्र मृतक आश्रित नौकरी पर ड्यूटी कर रहा था। सूचना पर पहुंची पत्नी अंजू व तीन बच्चों का रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने बताया कि फालोअर की रविवार की रात तबियत खराब होने की सूचना मिलते ही तत्काल अस्पताल भेजवाया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। आवश्यक कार्यवाही कर शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


