फिरोजाबाद : थाना दक्षिण पुलिस टीम ने सोमवार को एक लापता बालक को खोजकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया है जिससे परिवार में पुनः खुशियां लौट आयीं। परिजनों ने पुलिस के इस कार्य की सराहना की है।
थाना दक्षिण क्षेत्र के कन्हैया नगर निवासी सुग्रीव उर्फ वंटी का पुत्र अंश (10) रविवार की शाम साइकिल चलाते हुए अचानक गुम हो गया जिसकी सूचना बच्चे के पिता सुग्रीव ने थाने में दी। पुलिस ने बच्चे की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। थाना प्रभारी दक्षिण राजेश पाण्डेय ने बताया कि चौकी प्रभारी पैमेश्वर गेट ने पुलिस टीम के साथ साक्ष्य संकलन एवं पुलिस सोशल मीडिया सेल, द्वारा प्रत्येक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गुमशुदा के सम्बन्ध में प्रचार-प्रसार की कार्रवाई करने के 15 घण्टे के अन्दर फिरोजाबाद से 15 किलोमीटर दूर फतेहाबाद मार्ग से साइकिल सहित बच्चे को सकुशल बरामद किया। बच्चे की बरामदगी के बाद परिजनों को बुलाकर बच्चे को नियमानुसार उनके सुपुर्द किया। बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नही रहा। उन्होंने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।


