spot_img

Medininagar : पलामू में दो बच्चों के पिता ने नौकरानी को बनाया हवस का शिकार, युवती हुई गर्भवती

मेदिनीनगर : एक मालिक ने अपनी नौकरानी को झांसा देकर हवस का शिकार बनाया। इसके कारण युवती गर्भवती हो गई है। उसके पेट में सात माह का बच्चा पल रहा है। शनिवार को युवती की मेडिकल जांच एमआरएमसीएच में की गई। साथ ही पलामू व्यवहार न्यायालय में 164 के तहत बयान दर्ज किया गया। घटना के बाद से आरोपित फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छानबीन कर रही है। मामला जिले के नीलाम्बर पीताम्बरपुर-लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के मुंदरिया पंचायत का है।

बताया जाता है कि एक 20 वर्षीय युवती रौशन कुमार सिंह के यहां नौकरानी का काम करती थी। रौशन दो बच्चों का पिता है और रांची में रहकर काम करता है। युवती का आरोप है कि रौशन कुमार सिंह ने घर में काम करने के दौरान उसे झांसे में लिया और कई बार अवैध संबंध बनाये। फरवरी 2022 में उसके यहां काम करने के लिए गई थी। जुलाई अगस्त से वह उसके साथ संबंध बनाने लगा था। अक्टूबर में वह गर्भवती हो गई।

थाना प्रभारी गौतम कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस संबंध में आईपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता की मेडिकल जांच एमआरएमसीएच मेदिनीनगर में कराई गई है। रिपोर्ट अभी मिली नहीं है। लेस्लीगंज सीएचसी में प्रारंभिक जांच में पीड़िता सात माह की गर्भवती पाई गई है। साथ ही न्यायालय में 164 के तहत उसका बयान दर्ज कराया गया है।

Explore our articles