धौलपुर : धौलपुर पुलिस ने जिले के सरमथुरा थाना इलाके के रामचंद्र हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को सरमथुरा थाना इलाके में बरौली क्षेत्र में चिलोंदा पोखर के पास में रामचंद्र की सिर कुचली हुई लाश मिली थी। बीते चौबीस घंटे में पुलिस की कई टीमों ने साइबर सेल की मदद से इस हत्याकांड से पर्दा उठाते हुए मृतक के मित्र बबलू को धर दबोचा है। पुलिस की प्रारंभिक पडताल में आरोपित बबलू ने शराब के नशे में रामचंद्र की पत्थर से कुचल कर हत्या करने की बात कबूली है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि एक दिन पूर्व पांच मई को सरमथुरा थाना इलाके में बरौली क्षेत्र में चिलोंदा की पोखर के पास में भिंडीपुरा निवासी रामचंद्र की लाश मिली थी। इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस की कई टीमें गठित कर अनुसंधान करते हुए रामचंद्र की हत्या के आरोपित एवं उसके मित्र बबलू उर्फ वीरु पुत्र राधेश्याम जाति मीना निवासी सुनकई थाना सरमथुरा को गिरफ्तार किया है। आरोपित बबलू उर्फ वीरु ने शराब के नशे में पत्थर से सिर कुचलकर रामचंद्र की हत्या करने की बात कबूली है। पूछताछ में पता चला है कि किसी के साथ अवैध प्रेम प्रसंग के चलते अश्लील फोटोग्राफ्स के आदान-प्रदान की बात को लेकर हुए झगड़े में बबलू ने शराब के नशे में रामचंद्र की हत्या की है। मृतक रामचंद्र थाना सरमथुरा के करीब तीन वर्ष पूर्व के प्रकरण में जेल से जमानत पर रिहा चल रहा था। मृतक रामचंद्र के परिजनों के मुताबिक तीस वर्षीय रामचन्द्र चार मई की शाम को घर पर जयपुर जाने की कहकर निकाला था। उसके दूसरे दिन पांच मई को उसकी लाश पोखर के पास पडी मिली। इस संबंध में आगे की पूछताछ की जा रही है।


