चित्तौड़गढ़ : बेगूं थाना पुलिस ने चुन्नीलाल सनाढ्य की हत्या कर शव मेनाल के पास बोलेरो में डाल फरार होने के मामले में वांछित एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित थाना स्तर का टॉप टेन वांछित अपराधी होकर दो हजार रुपये का इनामी अपराधी था। आरोपित को बेगूं पुलिस ने तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने पूर्व में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भिजवाया था।
पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि पत्थर खदान मालिक मांडलगढ़ जिला भीलवाड़ा निवासी चुन्नीलाल पुत्र लक्ष्मीनारायण सनाढ्य की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हत्या कर 20 सितंबर 2018 को जोगणिया माता से मेनाल जाने वाले रास्ते पर स्वयं की बोलेरो में पीछे की सीट पर हाथ पैर बंधे हुए, गले मे कपड़े से फांसी लगी व खून सनी लाश मिलने पर बेगूं थाने पर हत्या का मामला दर्ज किया था। इसका खुलासा करते हुए अनुसंधान के दौरान बेगूं पुलिस ने आरोपितों प्रतापगढ़ जिले के सुकड (हुक्कड) थाना छोटीसादडी निवासी नक्षत्रमल उर्फ नख्तर पुत्र नन्दा मोग्या व छीपाखेडा थाना मंगलवाड जिला चितौडगढ निवासी कालु लाल पुत्र उदा मोग्या को गिरफ्तार कर आरोप पत्र न्यायालय में पेश किया था। घटना के बाद से ही वांछित आरोपित छिपाखेड़ा थाना मंगलवाड़ निवासी मगनीराम पुत्र पेमा मोग्या फरार चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया जाकर तलाश के लिये तेलगांना भेजा गया। यहां वांछित आरोपित मगनीराम लक्ष्मारेड्डी कॉलोनी थाना हेतनगर जिला रंगारड्डी तेलगांना में मूर्तियां बनाने का कार्य करता पाया गया। जिसको डिटेन कर बेगूं लाकर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से पुलिस रिमाण्ड प्राप्त किया गया। अग्रिम अनुसंधान जारी है।


