कोलकाता:(Kolkata) कोलकाता पुलिस आयुक्त विनीत गोयल (Kolkata Police Commissioner Vineet Goyal) ने रात को राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास समेत विभिन्न थानों का निरीक्षण किया।
पुलिस कमिश्नर रात करीब 11:00 बजे लाउडन स्ट्रीट स्थित अपने सरकारी आवास से पुलिस कमिश्नर पायलट कार के सुरक्षा घेरे में निकले। सबसे पहले वह पार्क सर्कस गए। वहां थाने में अधिकारियों से बात करने के बाद तिलजला, वाटगंज, इकबालपुर और भवानीपुर थाने गए। उनके साथ पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
कुछ दिनों पहले तिलजला थाना इलाके में सात साल की एक बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। इस थाने का भी जायजा पुलिस आयुक्त ने लिया। उसके बाद वह वाटगंज थाना पहुंचे। इस थाना क्षेत्र में कुछ दिनों पहले ही निर्माणाधीन बिल्डिंग से लोहे की रॉड गिरने एक युवक की मौत हो गई थी। घटना की जांच कितनी आगे बढ़ी है, इस बारे में भी उन्होंने खोज खबर ली।
पुलिस आयुक्त उसके बाद एकबालपुर थाना पहुंचे। यहां छह महीने पहले संप्रदायिक दंगे हुए थे। फिलहाल थाना क्षेत्र में स्थिति कैसी है इसका जायजा उन्होंने लिया। यहां से वह भवानीपुर थाने पहुंचे। यहां हाल ही में दोहरा हत्याकांड हुआ था। आरोपित अभी भी फरार है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आवास की सुरक्षा का जायजा भी उन्होंने लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को हर घंटे गस्त लगाने और पूरे क्षेत्र की निगरानी को कहा है। प्रतिदिन सुबह में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और सभी यंत्रों की जांच का भी निर्देश दिया । इसके बाद वह अपने सरकारी आवास लौटे । उल्लेखनीय है कि पिछले साल एक व्यक्ति लोहे का रॉड लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के अंदर घुस गया था और रातभर सीएम के कमरे के बाहर रहा था।


