spot_img

Mumbai : शरद पवार साहब के निर्णय से राकांपा कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा : अजीत पवार

मुंबई : विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता अजीत पवार ने कहा कि शरद पवार का राज्य एवं देश के सभी पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के आग्रह को स्वीकार कर राकांपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहने का निर्णय मेरे सहित राकांपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का उत्साह बढ़ाने वाला है। यह निर्णय देश में राकांपा, महा विकास आघाड़ी और विपक्षी दलों की एकता को मजबूत करने वाला साबित होगा।

अजीत पवार ने कहा कि राकांपा एक परिवार की तरह है और शरद पवार के नेतृत्व में ही पूरा परिवार विकास के मार्ग पर अग्रसर होता रहेगा। अजीत पवार ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि शरद पवार ने हम सभी के आग्रह पर और उनकी उम्र और स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर बने रहने का निर्णय लिया है। अब हम सबको मिलकर और अधिक जिम्मेदारी से काम करना है और एक साथ अधिक जोश के साथ काम करते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को मजबूत करें।

अजीत पवार ने कहा कि वे शनिवार को पुणे में दौंड और कर्जत का दौरा करेंगे। इसके बाद 7 मई को बारामती, 8 मई को कोरेगांव, सातारा, 9 मई को सातारा और फलटन का दौरा करेंगे। इसके बाद 10 मई को उस्मानाबाद, लातूर, 11 मई को नासिक और 12 मई को पुणे का दौरा करने वाले हैं।

Explore our articles