spot_img

Lucknow : आईएचएफ हैंडबॉल चैंपियनशिप में पहली बार सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय टीम

दूसरे मैच में माल्टा को रोमांचक मुकाबले में 33-31 गोल से दी मात, खेल निदेशक ने दी बधाई

लखनऊ : भारत की जूनियर पुरुष हैंडबॉल टीम ने बुल्गारिया में चल रही चौथी आईएचएफ इमर्जिंग नेशन्स हैंडबॉल चैंपियनशिप में गुरुवार को खेले गए अपने दूसरे लीग मैच में माल्टा को एक रोमांचक मुकाबले में 33-31 गोल से हराया। इस जीत के साथ ही भारत ने ग्रुप ए में शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया।

चैंपियनशिप में पहली बार कोई एशियाई टीम अंतिम चार में जगह बनाने में कामयाब रही है। जूनियर खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर पूरे प्रदेश के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। वहीं खेल निदेशक आर.पी. सिंह और हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डा. आनन्देश्वर पाण्डेय ने टीम को बधाई दी है।

इस मैच में भारत की ओर से अमित और मोहित ने आक्रामक अंदाज दिखाया और विरोधी के डिफेंस में लगातार सेंध लगते हुए सर्वाधिक 10-10 गोल दागे। भारतीय टीम मध्यांतर तक 15-14 के मामूली अंतर से आगे थी। टीम के अन्य खिलाड़ियों ने भी तालमेल भरा खेल दिखाया। इसमें अंकित ने छह गोल, जबकि मोहित द्वितीय ने चार गोल किये। सुमित ने दो, जबकि साहिल ने एक गोल करने में सफलता हासिल की। वहीं माल्टा की टीम से जोसेफ बेंजामिन ने नौ व नेल गुरपेट्टा ने आठ गोल किये। इसके अलावा सैमुअल ने तीन जबकि लिजियो बुहगिअर, इसाक वेल्ला, माइकल एलेन व एंथोनी ने दो-दो गोल किये।

हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक डा. आनन्देश्वर पाण्डेय ने टीम के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन पर ख़ुशी जताते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लगातार दूसरी जीत के साथ भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच गयी है। इस चैंपियनशिप में पहली बार कोई भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंची है। इसके साथ पहली बार कोई एशियाई टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही है। उन्होंने बताया कि भारत की जूनियर पुरुष हैंडबॉल टीम अब 29 अप्रैल को सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी।

Explore our articles