जयपुर : अतिरिक्त मुख्य सचिव जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी डॉ. सुबोध अग्रवाल की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई राज्य जल एवं स्वच्छता समिति (एसडब्लूएसएम) की कार्यकारी समिति की बैठक में जल जीवन मिशन की 14,815.96 करोड़ रुपये की वार्षिक कार्य योजना का अनुमोदन किया गया।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में 26.40 लाख जल कनेक्शन (एफएचटीसी) प्लान किए गए हैं। इसके अलावा, वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 23.40 लाख एफएचटीसी का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित वृहद एवं लघु पेयजल परियोजनाओं के रख-रखाव तथा जेजेएम के तहत वर्ष 2022-23 में सपोर्ट एक्टीविटीज की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति के बारे में जानकारी दी दी गई।
बैठक में बताया गया कि 26 अप्रेल तक 40.44 लाख ग्रामीण परिवारों को हर घर जल से लाभांवित किया जा चुका है तथा 14, 579 करोड़ रुपये अभी तक जल जीवन मिशन में व्यय हो चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि 43, 238 ग्राम जल स्वच्छता समिति का गठन किया जा चुका है एवं 43,263 विलेज एक्शन प्लान (वीएपी) बनाए गए जिनमें से 42,993 को ग्राम सभा से स्वीकृति मिल चुकी है। सभी 33 जिलों के डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान (डीएपी) को मंजूरी मिल गई है। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय जल जीवन मिशन द्वारा सपोर्ट एक्टीविटीज के लिए 474.06 करोड़ रुपये की कार्य योजना को मंजूरी दी है।


