भोपाल : बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही बेहतर उपभोक्ता सेवाएं प्रदान करने के मामले में पूरे देश की 58 डिस्कॉम के मध्य ‘‘कंज्यूमर सर्विस रेटिंग ऑफ डिस्कॉम्स‘‘ में दस पायदान का सुधार करते हुए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को छटवां स्थान मिला है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि पर पूरे स्टाफ को बधाई दी है।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने मंगलवार को बताया कि केन्द्रीय विद्युत मंत्रालय भारत सरकार और ग्रामीण विद्युतीकरण निगम द्वारा पूरे देश की 58 बिजली कंपनियों के मध्य वर्ष 2021-22 की ‘‘कंज्यूमर सर्विस रेटिंग ऑफ डिस्कॉम्स‘‘ जारी की है। इसमें मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को परिचालन विश्वसनीयता, नये कनेक्शन, मीटरिंग, बिलिंग, राजस्व संग्रहण, विद्युत एवं अन्य उपभोक्ता शिकायत निराकरण तथा उपभोक्ता सेवाओं के मामलों में बी प्लस रेटिंग के साथ पूरे देश में छठवां स्थान दिया गया है।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक गणेश शंकर मिश्रा ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही बेहतर से बेहतर उपभोक्ता सेवाएं प्रदान करने लिए कंपनी कृत संकल्पित है। इसी दिशा में लगातार विद्युत अधोसंरचना विकास और उपभोक्ता सेवाओं में विस्तार किया जा रहा है। कंपनी द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नवीनतम तकनीकों का उपयोग करते हुए कंपनी कार्यक्षेत्र के अंतर्गत भोपाल, नर्मदापुरम्, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के सभी बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति के साथ ही बेहतर उपभोक्ता सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। नवीनतम तकनीक आधारित सेवाओं से एक ओर जहॉं उपभोक्ताओं के समय की बचत होने के साथ ही त्वरित सुविधाएं मिल रहीं हैं वहीं दूसरी ओर कंपनी को इन सेवाओं में लगने वाले अतिरिक्त मेनपावर की बचत होने के साथ ही राजस्व लाभ भी हो रहा है।
गौरतलब है कि केन्द्रीय विद्युत मंत्रालय के अधीन ग्रामीण विद्युतीकरण निगम द्वारा विद्युत आपूर्ति, उपभोक्ता सेवाएं, शिकायत निराकरण एवं अन्य महत्वपूर्ण मापदंडों के आधार पर विश्लेषण कर वर्ष 2021-22 के लिए पूरे देश की बिजली कंपनियों की ‘‘कंज्यूमर सर्विस रेटिंग ऑफ डिस्कॉम्स‘‘ रेटिंग जारी की है। प्राप्त परिणामों के आधार पर इस रेटिंग में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को छठवा, पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर को अठारवां तथा पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर को छब्बीसवां स्थान मिला है।


