भारतीय बाजार में लगातार अस्थिरता बने रहने की संभावना
नई दिल्ली : (New Delhi) सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सर्राफा बाजार में एक बार फिर गिरावट का रुख बनता नजर आया। आज के कारोबार में सोना और चांदी दोनों चमकीली धातुएं नीचे फिसलती हुई नजर आईं। हालांकि, इस गिरावट के बावजूद सोना ने आज भी 60 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से ऊपर कारोबार किया है। चांदी भी आज की गिरावट के बावजूद 74 हजार रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर के ऊपर है।
इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को सोना का अंतिम बंद भाव 60,191 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा था। आज के कारोबार में इस चमकीली धातु में प्रति 10 ग्राम 95 रुपये की कमजोरी दर्ज की गई। अलग-अलग श्रेणियों में सोने ने आज 95 रुपये प्रति 10 ग्राम से लेकर 56 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की नरमी दिखाई। दूसरी ओर चांदी भी आज के कारोबार में 564 रुपये प्रति किलोग्राम तक फिसल गया।
इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक घरेलू सर्राफा बाजार में आज कारोबारी सोना यानी 24 कैरेट (999) सोने की औसत कीमत 95 रुपये की नरमी के साथ गिर कर 60,096 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) हो गई। इसी तरह 23 कैरेट (995) सोने की कीमत भी 95 रुपये की कमजोरी के साथ 59,855 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) हो गई। जेवराती यानी 22 कैरेट (916) सोने की कीमत में आज 87 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई।
इसके साथ ही 22 कैरेट सोना 55,048 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा 18 कैरेट (750) सोने की कीमत आज प्रति 10 ग्राम 71 रुपये गिर कर 45,072 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गई। 14 कैरेट (585) सोना आज 56 रुपये सस्ता होकर 35,156 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गया।
सोने की तरह ही आज चांदी की कीमत में भी नरमी का रुख नजर आया। आज के कारोबार में चांदी (999) की कीमत में 564 रुपये प्रति किलोग्राम की कमजोरी दर्ज की गई। आज की गिरावट के कारण इस चमकीली धातु की कीमत पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार के आखिरी बंद भाव 74,773 रुपये प्रति किलोग्राम से लुढ़क कर 74,209 रुपये प्रति किलोग्राम (अस्थाई) के स्तर पर आ गई।जानकारों के मुताबिक अमेरिका समेत वैश्विक अर्थव्यवस्था में लगातार जारी उथल पुथल के कारण वर्ल्ड गोल्ड मार्केट भी दबाव की स्थिति में काम कर रहा है। वर्ल्ड गोल्ड मार्केट में होने वाले उतार-चढ़ाव का असर भारतीय बाजार पर भी स्वाभाविक रूप से पड़ता है। इसलिए मौजूदा समय में भारतीय बाजार में लगातार अस्थिरता बने रहने की संभावना है।


