spot_img

Chitrakoot : शिक्षा के साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी है भविष्य निर्माण की अपार संभावनाएं : अभिषेक आनंद

डीएम ने किया क्षेत्रीय बास्केटबॉल एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का उद्घाटन
चित्रकूट: (Chitrakoot)
खेल-प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने में जुटे जिलाधिकारी अभिषेक आनन्द तथा मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर ने सोमवार को जवाहर नवोदय विद्यालय मानिकपुर में आयोजित क्षेत्रीय बास्केटबॉल एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में भी भविष्य निर्माण की अपार संभावनाएं है। छात्र जीवन के लक्ष्य को तय कर कठिन परिश्रम कर सफलता हासिल करें। तभी उनके साथ-साथ माता-पिता के सपने साकार होंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय की नींव पूरे भारत देश में इसलिए रखी गई थी कि सभी छात्र-छात्राएं मिलजुल कर अच्छी शिक्षा ग्रहण करें। उन्होंने कहा कि पूरे भारतवर्ष में लगभग 600 से ज्यादा नवोदय विद्यालय संचालित हो रहे हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि आज शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भविष्य निर्माण की अपार संभावनाएं है। उन्होंने कहा कि खेलकूद पढ़ाई आदि जिस स्तर पर कार्य कर रहे हैं, उसमें यह स्वर्णिम समय है। यह समय फिर दोबारा आपके पास जीवन में लौटकर नहीं आएगा। जीवन के लक्ष्य को प्राप्त करने एवं माता-पिता के सपनों को साकार करने के लिए बेहतर शिक्षा ग्रहण कर आगे बढ़ें, मेरी यही सभी को शुभकामनाएं हैं।

मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर ने छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप लोगों को आज इस कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का अवसर मिला है। आप लोग जिस क्षेत्र में रूचि रखते हैं उसी के अनुसार तैयारी करें। ताकि आपका जीवन सुखमय हो। उन्होंने छात्रों को सोशल मीडिया से दूर रहकर कैरियर निर्माण में ध्यान देने की सलाह दी। कहाकि अगर आप इस समय मेहनत करेंगे तो आगे चलकर आपकी लाइफ अच्छी रहेगी। आप लोग विभिन्न राइट्स फैसिलिटी जो आपको मिली है, उसको ध्यान में रखकर विभिन्न प्रतिभाओं में भाग लेकर आगे बढ़ें और विद्यालय का नाम रोशन करें।

जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य आलोक त्रिपाठी ने कहा कि हमारे विद्यालय के बच्चे भारत का भविष्य है। उन्होंने कहा कि बास्केट बाल एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता में चार क्लस्टर भाग ले रहे हैं। जिसमें 24-24 प्रत्येक क्लस्टर पर बास्केटबॉल पर शामिल किया जा रहा है। इस खेल में आगरा लखनऊ हरदोई वाराणसी के बच्चे शामिल हैं, जो बास्केटबॉल एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भाग लेंगे।इसके पहले जिलाधिकारी अभिषेक आनंद तथा मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी मानिकपुर प्रमेश कुमार श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष मानिकपुर बी0पी0 सिंह सहित संबंधित अधिकारी विद्यालय के शिक्षक छात्र-छात्राएं आदि लोग मौजूद रहे।

Explore our articles