श्रीनगर :(Srinagar) श्रीनगर-कारगिल मार्ग (Srinagar-Kargil road) पर स्थित जोजिला दर्रे पर बर्फबारी और हिमस्खलन होने के बाद यह मार्ग सोमवार को लगातार आठवें दिन भी बंद है।
जोजिला दर्रे पर 17 अप्रैल को ताजा हिमपात और सड़क पर हिमस्खलन होने और कई वाहनों के दब जाने के बाद सड़क को बंद कर दिया गया था। यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि ज़ोजिला दर्रा श्रीनगर-कारगिल मार्ग पर सोमवार को भी किसी भी तरह की आवाजाही की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि सोमवार को भी पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है। उन्होंने कहा कि सड़क पर कई जगहों पर बर्फ हटाने का काम चल रहा है।
इस बीच जम्मू-कश्मीर यातायात पुलिस ने कहा कि बर्फ जमा होने और हिमस्खलन को देखते हुए जोजिला दर्रा श्रीनगर.कारगिल मार्ग 24 अप्रैल सोमवार को भी यातायात के लिए बंद है। उन्होंने कहा कि पिछले 8 दिनों से हाईवे के दोनों ओर ट्रक और यात्री वाहनों सहित सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं।


