जगदलपुर : जिले के थाना भानपुरी अंर्तगत ग्राम छोटे आमाबाल में विवाह कार्यक्रम के दौरान अज्ञात आरोपित के द्वारा दुल्हा-दुल्हन के ऊपर एसिड डालने से दूल्हा डमरू बघेल एवं दुल्हन सुनीता कश्यप तथा शादी में शामिल अन्य लोग उक्त एसिड के चपेट में आए थे। प्रार्थी रत्नू राम कश्यप की रिपोर्ट पर थाना भानपुरी में अपराध क्रमांक 30/ 23 धारा 326 क भादवि कायम कर विवेचना में अज्ञात आरोपित की पतासाजी के लिए एक टीम का गठन किया गया था। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दूल्हे की एक प्रेमिका है जो दूल्हे के द्वारा उसे धोखा देकर अन्य लडक़ी से शादी करने के कारण आक्रोशित होकर घटना को अंजाम दी है। प्रेमिका द्वारा अपराध घटित करना कबूल करने पर आज रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपिता प्रेमिका का नाम उजागर नही किया है। उसका चेहरा ढंक कर सबके सामने पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज भी देखे गए ।घटनास्थल की ओर जाने वाले रास्तों पर सोनारपाल, बालेंगा ,मुंडा गांव और बस्तर के लगभग 12 जगहों पर सीसीटीवी फुटेज देखे गए। घटनास्थल एवं आसपास के गांव में बड़ी संख्या में मुखबिर लगाए गए थे। उन्हीं में से एक मुखबिर से सूचना मिली कि दूल्हे की एक प्रेमिका है जो दूल्हे के द्वारा उसे धोखा देकर अन्य लड़की से शादी करने के कारण आक्रोशित होकर घटना को अंजाम दी है। जिस आधार पर दूल्हे की प्रेमिका का पता लगाकर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दूल्हे की प्रेमिका ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपित प्रेमिका ने बताया कि लगभग 07 वर्ष पहले ग्राम कांवडग़ांव में उसकी मुलाकात दूल्हा डमरु बघेल से होने के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया था। दोनों के बीच लगातार संपर्क रहा ।इसी बीच डमरु बघेल ने किसी अन्य स्थान पर शादी तय कर लिया । आरोपित प्रेमिका को पता चलने पर उसने दूल्हे से फोन पर संपर्क कर शादी के संबंध में पूछने पर दूल्हे द्वारा कहीं अन्यत्र शादी करने से इनकार किया गया, फिर फोन उठाना बंद कर दिया। इसे अन्य स्रोत से दूल्हे की शादी के संबंध में जानकारी होने पर यह काफी आक्रोशित होकर दूल्हे से प्रतिशोध लेने की भावना रखते हुए दूल्हे को क्षति पहुंचाने की योजना बनाई।
अपनी योजना को अंजाम देने के लिए मिर्ची बाड़ी में काम करने के दौरान समय निकालकर पास के देवड़ा बाजार स्थल से टिन का पान बहार डिब्बा उठाया । मिर्ची बाड़ी से छूटने से पहले गोपनीय रूप से मिर्ची बाड़ी के भंडार कक्ष में रखे एसिड को चुराकर डिब्बे में भरकर सुरक्षित रख ली थी। शाम को मिर्ची बाड़ी से घर जाने के लिए अपने साथियों के साथ पिकअप वाहन में सवार होकर निकली और अपने घर पहुंचने से पहले ही कुछ काम है कह कर छोटे आमाबाल हिरला भाटा के पास उतर गई।
शादी में बज रहे स्थानीय बाजा की आवाज सुनकर विवाह स्थल तक पैदल पहुंची। विवाह स्थल पर अंधेरा था, एक दिया जल रहा था कुछ मोबाइल की रोशनी थी। थोड़ा समय लेकर दूल्हे की पहचान की। पहचान सुनिश्चित करने के बाद दूल्हे को नुकसान पहुंचाने की नियत से अपने पास रखे एसिड के डिब्बे का ढक्कन खोल कर मौका पाकर पीछे से दूल्हे के ऊपर एसिड फेंक कर अंधेरा और भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर चुपचाप घटनास्थल से चली गई।


