बीकानेर: (Bikaner) राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय के छात्र संघ कार्यालय का उद्घाटन रविवार शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला और ऊर्जा मंत्री भंवरसिंह ने किया।
इस अवसर पर डॉ. कल्ला ने कहा कि संगीत, साहित्य और विद्या के बिना मनुष्य पशु तुल्य होता है। इसे ध्यान रखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा की और बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की छात्र शक्ति जितनी शिक्षित, मजबूत और विचारवान होगी। देश उतना ही आगे बढ़ेगा। उन्होंने भारत को युवाओं का देश बताया और कहा कि युवा अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग देश के लिए करें।
ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने कहा कि शिक्षित व्यक्ति हर क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी निभा सकता है। इसके मद्देनजर उन्होंने शिक्षा को सबसे बड़ी जरूरत बताया। उन्होंने लोकतंत्र में चुने हुए जनप्रतिनिधियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि छात्र राजनीति की आगे बढ़ने की पाठशाला होती है। यहां से आगे बढ़े जनप्रतिनिधि भविष्य में देश और राज्य का प्रतिनिधित्व करते हैं। जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल ने कहा कि आज छात्राएं भी राजनीति में आगे आ रही हैं, यह अच्छे संकेत हैं।
डॉ भीमराव अंबेडकर फाउंडेशन के महानिदेशक मदन गोपाल मेघवाल ने कहा कि छात्र राजनीति करने वाले विद्यार्थी राजनीति के अच्छे आदर्शों को समझें और इन्हें अपनाएं। यशपाल गहलोत ने कहा कि युवा बदलाव के संवाहक बनें और विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करते हुए नए आयाम स्थापित करें। इस दौरान प्रफुल्ल हटीला और अशोक मेघवाल ने भी विचार व्यक्त किए। इससे पहले अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित किया।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. इंदिरा गोस्वामी ने स्वागत उद्बोधन दिया। छात्र संघ अध्यक्ष निरमा मेघवाल ने अब तक किए गए कार्यों और भावी रूपरेखा के बारे में बताया। छात्र संघ परामर्श दात्री अजंता गहलोत ने आभार जताया। इससे पूर्व अतिथियों ने छात्रसंघ कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मेघवाल महासभा श्रीकोलायत के अध्यक्ष खेमाराम मेघवाल, छात्र संघ महासचिव लक्ष्मी पारीक, डॉ. राकेश हर्ष, डॉ. जी.पी. सिंह, डॉ. भगवानाराम बिश्नोई, डॉ. इंद्र सिंह राजपुरोहित सहित अनेक लोग मौजूद रहे।


