spot_img

Shivpuri : शिक्षक ने बेटी की शादी के लिए जोड़े पैसे, ठगों ने बैंक खाते से निकाले 13 लाख

करैरा : एक शिक्षक ने अपनी बेटी की शादी के लिए बैंक में 13 लाख रूपए सुरक्षित रखे थे कि शादी के दौरान पैसे काम आएंगे, लेकिन उन्हें क्या पता कि बैंक में रखे पैसे ही सुरक्षित नहीं है। ठगों ने बैंक खाते से उनके पैसे निकाल लिए। अब शिकायत के बाद पुलिस जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार अनुविभाग के विकासखंड नरवर के ग्राम पंचायत खड़ीचा में पदस्थ शिक्षक उदय नारायण शर्मा पुत्र कालीचरण शर्मा हाल निवासी महुअर कॉलोनी करैरा के खाते से 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक 13 लाख रुपए ठगों ने निकाल लिए। शिक्षक की रिपोर्ट पर पुलिस थाना करैरा में भादवि की धारा 420 के तहत अपराध अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पंजीबद्ध कर लिया है।

फरियादी ने बताया कि मैंने स्टेट बैंक शाखा गांधी रोड करेरा से आठ लाख रु का बिटिया की शादी के लिए लोन लिया था, तभी से एक व्यक्ति का फोन आने लगा और उसने कहा कि आपका एटीएम बंद होने वाला है मैं आपका यूनो एप चालू करवा देता हूँ, उसके ट्रू कॉलर पर राजीव सर एसबीआई लिखकर आ रहा था, तभी से यह फ्रॉड शुरू हो गया। इसी दौरान एक दिन अचानक मेरी सिम बन्द हो गई जो आइडिया कंपनी की थी और मेरे बैंक खाते से लिंक थी जब मैं आइडिया कंपनी में सिम निकलवाने के लिए करेरा स्थित फ्रेंचाइजी आइडिया ऑफिस पर गया तो उन्होंने भी टालमटोल करके मेरी सिम नहीं निकाली, लेकिन मुझे जब पैसे की जरूरत पड़ी मैं 15 अप्रैल को किओस्क बैंक पैसा निकालने गया तब पता चला कि मेरे खाते से 13 लाख रुपए निकल चुके है और मेरे साथ धोखा हो चुका है। इसके बाद मैंने आइडिया कंपनी को फोन लगाकर पूछा तो उन्होंने कहा कि आपकी सिम जिओ में पोर्ट हो गई है, जबकि पीड़ित द्वारा पोर्ट के लिए किसी भी प्रकार का आवेदन नहीं किया है इतना ही नहीं आइडिया कंपनी के कस्टमर केयर पर भी फोन लगाए उन्होंने भी मेरी सिम निकलवाने का कोई प्रयास नहीं किया, ना ही कोई संतोष पूर्ण उत्तर दिया। यह बात समझ से परे है कि आइडिया की सिम किस प्रकार बंद हुई और वह जिओ कंपनी में किस प्रकार पोर्ट हो गई, यह सब बिना मेरे हस्ताक्षर व फोटो अंगूठा के कैसे हो गया।

शिक्षक ने जिला एस पी को दिया लिखित आवेदन –

पीड़ित शिक्षक ने 16 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन दिया है लेकिन आज दिनांक तक किसी भी आरोपी को पकड़ा नहीं गया है। शिक्षक ने बताया कि आरोपियों द्वारा मेरे घर की रेकी भी की है जिसके फुटेज सड़क किनारे लगे हुए कैमरों में मौजूद हैं लेकिन पुलिस प्रशासन हाथ पर हाथ रखे हुए बैठा है जिस कारण से शिक्षक के और उनके परिजनो में दुःख व्याप्त है।

उल्लेखनीय है कि शिक्षक की बेटी की शादी अगले माह में होना है उसी के लिए उन्होंने लोन लिया था। शिक्षक ने बताया कि इसका सबसे बड़ा अपराधी आइडिया कंपनी होना चाहिए जिसने मेरी सिम बिना मेरी मर्जी के बंद करा दी इसके बाद बैंक प्रबंधन भी कहीं ना कहीं दोषी है। जिसने लोन लेते ही मेरे पास लोग सक्रिय हो गए,कहीं ना कहीं बैंकों से अपराधियों के तार भी जुड़े होने के संकेत बता रहे हैं।

Purba Medinipur : बीएलए को जान से मारने की धमकी, तृणमूल नेताओं के खिलाफ एफआईआर

पूर्व मेदिनीपुर : (Purba Medinipur) तृणमूल कांग्रेस की एक सभा के दौरान जान से मारने की धमकी देने के आरोप में बीएलए-दो शेख मसूद...

Explore our articles