निकाय चुनाव में अधिक से अधिक मतदान के लिए जागरूकता अभियान
वाराणसी:(Varanasi) नगर निकाय के प्रथम चरण के चुनाव (first phase of municipal elections) में वाराणसी में 04 मई को मतदान होना है। ऐसे में अधिक से अधिक मतदान के लिए सामाजिक संस्थाएं जागरूकता अभियान चला रही है। गुरूवार को सामाजिक संस्था सुबह-ए-बनारस क्लब के बैनर तले संस्था के मुकेश जायसवाल, श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ० प्रियंका तिवारी आदि के नेतृत्व में मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया।
इस दौरान भाइयो-बहनों कर लो नोट,जरूर से जा कर देना वोट, पहले मतदान फिर जलपान, जागो मतदाता जागो के नारों के साथ लिखी तख्ती बैनर भी लहराया गया। इस दौरान प्रधानाचार्य डॉ प्रियंका तिवारी ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा की तर्ज पर हर 5 साल के बाद नगर निकाय का चुनाव होता है और आप ही वह ताकत है जिसके वोट से कुशल नेतृत्व के हाथ में आपके शहर के विकास की चाबी सौंपी जाती है।
ऐसे में आप किसी भी लालच या प्रलोभन में ना जाते हुए ऐसे महापौर को चुनिए जो आपके शहर का विकास करने में अहम भूमिका निभाए। साथ ही सभी पार्षदों को एक सूत्र में पिरोकर सभी वार्डों में निष्पक्ष रहते हुए सभी क्षेत्रों का दलगत भावना से ऊपर उठकर सरकारी धन का सदुपयोग करते हुए पार्षदों के माध्यम से विकास करें ।
साथ ही साथ ऐसे पार्षद को चुनिए जो किसी भी पार्टी का होते हुए पार्टी का झंडा धोने के बजाय अपने क्षेत्र के विकास के साथ ही अपने क्षेत्र की जनता के सहयोग के लिए बिना भेदभाव के सदैव तत्पर रहे।
यह याद रखें आपको प्रत्याशी चुनने का मौका 5 साल के बाद मिलता है। चुनावी दौर में की तमाम प्रत्याशी उभर कर आते हैं। वह अपने को योग्य साबित करने के लिए आपको हर तरह से आश्वासन देते हैं। मगर यह आपके बुद्धि विवेक पर निर्भर करता है कि आप सही प्रत्याशी का चयन कर रहे हैं या नहीं। वोट देना आपका अधिकार है आप वोट दें और लोगों को वोट देने के लिए प्रेरित करें।


