मुंबई : पुणे जिले के पिंपरी चिंचवड़ इलाके में सोमवार शाम को रावेत में कात्रज सर्विस रोड पर लगा एक बड़ा होर्डिंग गिर जाने से पांच लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। इस घटना में घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस घटना की जांच देहू पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
पुलिस के अनुसार सोमवार शाम को पुणे में तेज हवा के साथ बारिश हो रही थी। इसी वजह से तकरीबन आठ लोग मौके पर एक पंचर की दुकान में रुके थे। इसी दौरान अचानक होर्डिंग पंचर की दुकान पर गिर गई। इस घटना में मौके पर पांच लोगों की मौत हो गई और तीन घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और होर्डिंग का मलबा हटाने का काम कर रही है। खबर लिखे जाने तक मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी।


