खूंटी : जिला के कर्रा थाना क्षेत्र में गत रविवार की देर रात एक बालू लदे हाइवा का पीछा कर रहे भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और खूंटी के अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत सचान के वाहन को दूसरे हाइवा से कुचलने का प्रयास किया गया। यह तो गनीमत रह कि एसडीओ के वाहन चालक ने किसी तरह अपने वाहन को उसकी चपेट में आने से बचा लिया। इसके कारण एसडीओ बाल बाल बच गए और वाहन को भी कोई क्षति नहीं हुई।
घटना को अंजाम देने के बाद हाइवा चालक गाड़ी लेकर रांची की ओर भाग निकला। इस घटना को अंजाम देने वाले हाइवा की पहचान हो गई है। बताया गया कि हाइवा ( जेएच 02 ए वाइ 2313) है। उसके विरुद्ध सोमवार को कर्रा थाने में मामला दर्ज किया गया है। घटना के संबंध में बताया गया कि शनिवार की देर रात अनुमंडल पदाधिकारी अवैध बालू परिवहन के के खिलाफ तोरपा-कर्रा रोड पर अभियान में निकले थे। उसी दौरान तोरपा से कर्रा की ओर जा रहे एक बालू लदे हाइवा को देखकर अनुमंडल पदाधिकारी ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो हाइवा चालक गाड़ी को न रोक कर तेज रफ्तार में भागने लगा।
इस पर अनुमंडल पदाधिकारी अपने वाहन से भाग रहे हाइवा का पीछा करने लगे। उसी दौरान लोधमा के समीप राम लाइन होटल के पास से अचानक एक अन्य हाइवा रोड पर निकला और पीछा कर रहे एसडीओ के वाहन को कुचलने का प्रयास किया। इस घटना कें बाद दो हाइवा चालक गाड़ी लेकर भागने में सफल रहे।
उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि एसडीओ के साथ की हुई इस दुस्साहसिक घटना में शामिल वाहन चालक और संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानूनी प्रावधान के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।


