अनाज खरीद बेच या किसी अनाज के बीज की किस्म व पेस्टिसाइड की आड़ में कर सकते ठगी
हिसार : हांसी के पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद ने कहा है कि आजकल फसली सीजन चल रहा है और साइबर अपराधी किसानों को चूना लगाने की फिराक में हैं। इसलिए किसान विशेष सावधानी बरतें और साइबर ठग किसी भी अनाज की खरीद बेच अथवा किसी अनाज के बीज की किस्म व पेस्टिसाइड की आड़ में भी ठगी कर सकते हैं।
एसपी मकसूद अहमद ने कहा कि सतर्कता व सावधानी ही साइबर फ्रॉड से बचने का बेहतर उपाय है, इसलिए किसानों को साइबर फ्रॉड के प्रति सचेत रहना चाहिए और अपने घर के सदस्यों व आसपास के लोगों को भी साइबर फ्रॉड से बचने के लिए जागरुक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें किसी भी संदिग्ध लिंक के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जब भी किसान किसी संस्था या कंपनी की बेवसाइट पर लिखे नंबरों पर कॉल करते हो तो ये किसी भी साइबर अपराधी के हो सकते है इसलिए ऐसे नंबरो पर कॉल करते समय सावधानी बरतें। उन्होंने व्हाट्सएप व ई-मेल पर आने वाले फर्जी लिंक से सावधान रहने की सलाह दी है। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि व्हाट्सएप या ई-मेल पर आए किसी भी संदिग्ध लिंक को न खोलें और बैंक संबधी किसी भी प्रकार की जानकारी सांझा न करें, क्योंकि ऐसा करने से वे साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि किसी के साथ किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी हो जाती है तो तुंरत इसकी सूचना साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर पोर्टल बेवसाइट www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं। इसके अलावा आप किसी नजदीकी पुलिस स्टेशन में जाकर साइबर हेल्प डेस्क की मदद ले सकते है ताकि समय रहते कार्यवाई की जा सके और आप साइबर फ्रॉड से बच सकें।


