
जोधपुर : जोधपुर संभाग के सबसे बड़े हॉस्पिटल में शुमार मथुरादास माथुर हॉस्पिटल में आने वाले कार्डियक पेशेंट के लिए राहत की खबर है। हॉस्पिटल के कार्डियक विभाग में आने वाले पेशेंट को अब केवल दवा लिखवाने के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा।
अस्पताल प्रशासन ने रेगुलर दवाई चलने वाले कार्डियक पेशेंट को डायरी देने का कदम उठाया है। इसके तहत पेशेंट दवाई दवा काउंटर से लिखवा कर ले सकेगा। उसे लाइन में भी नहीं लगना होगा। डायरी व्यवस्था लागू करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अस्पताल प्रशासन की ओर से डायरी का प्रारूप तैयार कर लिया गया है। जल्द यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। इससे डिपार्टमेंट में जोधपुर और आसपास के विभिन्न जिलों से आने वाले मरीजों को दवाई लिखवाने के लिए लाइन में नहीं लगना होगा। समय की बचत के साथ उन्हें परेशान भी नहीं होना पड़ेगा। आमतौर पर कार्डियक पेशेंट के लिए लंबी दवाई चलती है और केवल दवाई लिखवाने के लिए ऐसे मरीजों को लाइन में लगना पड़ता है। डायरी व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें दवा लेने के लिए लाइन में नहीं लगना होगा।
मथुरा दास माथुर हॉस्पिटल में कार्ड डिपार्टमेंट में रोजाना लगभग 350 के करीब मरीज ओपीडी में इलाज के लिए आते हैं। इस डिपार्टमेंट में तीन डॉक्टर ही होने की वजह से यहां पर मरीजों की लंबी कतार लगती हैं।
20 पदों के सर्जन को भी मंजूरी दी:
यह भी बता दें कि मरीजों को इलाज के लिए भी इंतजार करना पड़ता है। हाल ही में राज्य सरकार द्वारा मथुरा दास माथुर अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर सहित 20 पदों के सर्जन को भी मंजूरी मिली है।


