
फरीदाबाद : फरीदाबाद के सेक्टर 9 में जीएसटी की टीम ने छापेमारी के दौरान एक उद्योगपति के घर की दीवारों से करोड़ों रुपये की नकदी बरामद की है। दीवारों में इतनी रकम छिपी देख जीएसटी अधिकारी भी सन्न रह गए। जीएसटी टीम ने आयकर विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर नकदी उन्हें सौंप दी और कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार फरीदाबाद के सेक्टर-9 में रहने वाले एक उद्योगपति के घर पर गुरुवार देर रात जब जीएसटी विभाग की टीम ने रेड की तो नजारा चौंकाने वाला था। टीम को रेड के दौरान दीवारों में करोड़ों रुपये मिले। दीवारों से बरामद रुपयों की जब गिनती की गई तो लगभग 3 करोड़ रुपये निकले। जीएसटी विभाग की टीम ने यह पूरा कैश इनकम टैक्स की टीम को बुलाकर उसे सौंप दिया। उद्योगपति पर अब आगे की कार्रवाई की जा रही है। उद्योगपति ने सेक्टर-6 में एक फैक्टरी बना रखी है। आरोप है कि उद्योगपति टैक्स की चोरी कर रहा था जिसके बाद जीएसटी की टीम ने रेड की। दरअसल, उद्योगपति ने अपने घर में दीवारों के अंदर कई जगह बना रखीं थीं और वहीं 3 करोड़ रुपये का कैश छिपा रखा था। रेड करने आई टीम ने शक होने पर दीवारों को तोड़ा और उसमें से कैश बरामद किया। कैश को गिनने के लिए नोट गिनने वाली मशीनें मंगवाई गईं थीं।


