
सशस्त्र सीमा बल ने वाल्मीकि नगर थाना में कराई प्राथमिकी दर्ज।
बगहा : भारत-नेपाल सीमा के गंडक बराज पर स्थित वाल्मीकि नगर के 21वीं सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने पड़ोसी देश नेपाल की ओर से भारतीय सीमा क्षेत्र में उड़ाए जा रहे एक कैमरायुक्त ड्रोन को जब्त किया है। एसएसबी ने इस मामले में नौ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया, जिन्हें पूछताछ के बाद जमानत पर छोड़ दिया गया। एसएसबी ने वाल्मीकि नगर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज करायी है।
वाल्मीकिनगर थाना के इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष विजय कुमार राय ने बताया कि गंडक बराज पर तैनात शस्त्र सीमा बल 21वी वाहिनी बी कंपनी के उपनिरीक्षक अंग्रेज सिंह ने पडोसी देश नेपाल त्रिवेणी की ओर से फाटक संख्या 18 के नो मैंस लैंड से कुछ संदिग्ध लोग भारतीय क्षेत्र में ड्रोन कैमरा उडाने की सूचना मिली थी। इस पर वाल्मीकि नगर पुलिस ने यूपी के भितौली थाना के सोहरवाना गांव निवासी शिपू कुमार, सागर गुप्ता, आशुतोष कुमार, हेम प्रजापति, सत्यजीत चौधरी, वंदना, मानसी, शिवम चौरसिया व प्रवीण सहनी को हिरासत में लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ करने बाद सभी को जमानत पर छोड़ दिया गया। पुलिस ने उनके पास से एक ड्रोन कैमरा, कंट्रोलर, कार, कैमरा व नौ मोबांइल को पुलिस ने जब्त कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में पुलिस पूरी तरह से गहनता से जांच कर रही है।


