spot_img

New Delhi: आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को झटका, पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी भाजपा में शामिल

New Delhi

नई दिल्ली: (New Delhi) आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) में भाजपा ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए। संयुक्त आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे किरण कुमार रेड्डी ने कुछ दिनों पहले कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था।

शुक्रवार को केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने किरण रेड्डी को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर प्रह्लाद जोशी ने कहा कि किरण कुमार रेड्डी, प्रधानमंत्री मोदी से काफी प्रभावित हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारी लड़ाई को वे मजबूती देंगे। एक विधायक और मंत्री के रूप में उनकी छवि बहुत साफ रही है। आंध्र प्रदेश में भाजपा के लिए यह एक बड़ा बढ़ावा होगा।

वहीं, किरण रेड्डी ने कहा कि उनका परिवार 1952 से कांग्रेस से जुड़ा रहा है। उन्होंने कभी सोचा नहीं था कि वे कांग्रेस छोड़ेंगे लेकिन कांग्रेस हाईकमान के गलत फैसले से पार्टी का बहुत नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने स्थानीय नेताओं से कभी कोई राय नहीं ली। कभी किसी की नहीं सुनी। ये केवल एक राज्य की बात नहीं, बल्कि सभी राज्यों की है।

Explore our articles