spot_img

Thane : अपने पतन की प्रतीक्षा कर रही है शिंदे सरकार :आदित्य ठाकरे

ठाणे : ठाणे शहर में युवा सेना की महिला नेता रोशनी शिंदे के साथ शिवसेना शिंदे गुट के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा की गई मारपीट के खिलाफ बुधवार को ठाणे शहर में महाविकास आघाडी के घटक दलों द्वारा जनक्षोभ मोर्चा का आयोजन किया गया। इस विरोध मोर्चे में शिवसेना ठाकरे गुट के युवा नेता आदित्य ठाकरे भी शामिल हुए। शहर के शिवाजी मैदान में मोर्चा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की सरकार अपने पतन की प्रतीक्षा कर रही है। यह सरकार वर्षों दिनों तक नहीं बल्कि अपने पतन की प्रतीक्षा घंटों में कर रही है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में शिंदे के पंटरों का शासन चल रहा है। फरियादियों की वेदना तक पुलिस और प्रशासन सुनने को तैयार नहीं है।आदित्य ठाकरे ने सीधी चेतावनी दी कि जो भी आईएएस व आईपीएस अधिकारी भेदभाव कर सत्तापक्ष के लिए काम कर रहे हैं, ऐसे अधिकारियों को उनकी सत्ता आने पर इसकी कीमत चुकानी होगी। ठाणे के शिवाजी मैदान में विरोध मोर्चे को संबोधित करते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि सीएम शिंदे के पंटरों ने आतंक फैला रखा है। उसकी कीमत उन्हें चुकानी होगी। राज्य में सत्ता परिवर्तन होने के बाद ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। सभा के दौरान आदित्य ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में जगह-जगह शिंदे पंटरों का आतंक देखा जा रहा है। इस दौरान आदित्य ठाकरे ने एकनाथ शिंदे का नकल उतारकर उपस्थित जनों का मनोरंजन भी किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यह तांडव लंबे समय तक चलने वाला नहीं है। गद्दारों की टोली राज्य की सत्ता पर काबिज है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह शिंदे के आदेश का पालन करने के लिए बाध्य हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह रोशनी शिंदे मारपीट मामले में मौन धारण की हुई है। दुख की बात है कि मारपीट के बाद भी आरोपियों के खिलाफ मामले तक दर्ज नहीं किए गए हैं। विरोध सभा को संबोधित करने के बाद महाविकास आघाडी के घटक दलों का काफिला ठाणे पुलिस आयुक्त कार्यालय की ओर मुड़ा। ठाकरे की अगुवाई में शिष्टमंडल जब ठाणे पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचा, तो वहां आयुक्त कार्यालय में ताला लगा हुआ था। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस और प्रशासन जिस तरह से पक्षपात कर रहा है, उसे कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि राज्य में उनकी सत्ता आई तो ऐसे अधिकारियों की माफी नहीं मिलने वाली है। महाराष्ट्र में बिगड़ती स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने ने कहा कि यहां स्थिति को देखकर लग ही नहीं रहा है कि कोई निष्ठावान राज्य की कमान संभाल रहा है। उनकी हरकतों को देखकर ऐसा लगता है कि महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री ना होकर एकनाथ शिंदे गुजरात और गुवाहाटी के मुख्यमंत्री बने हुए हैं । आज यही वजह है कि हर स्तर पर महाराष्ट्र की अस्मिता के साथ मजाक किया जा रहा है। इसे कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Explore our articles