
भिवंडी में पुलिस का आला अधिकारियों के साथ फ्लैग मार्च
भिवंडी : रमजान के महीने में इफ्तार के समय अतिसंवेदनशील शहर भिवंडी में हनुमान जयंती के अवसर पर निकलने वाले जुलूस को शांतिपूर्वक संपन्न कराने को लेकर शहर में पुलिस ने चाकचौबंद इंतजाम किया है। हनुमान जयंती की पूर्व संध्या पर पुलिस ने शांति व्यवस्था के मद्देनजर शहर में फ्लैग मार्च किया।जबकि दोनों त्योंहार को लेकर पुलिस ने शहर में सुरक्षा के खासा बंदोबस्त किया है। यह जानकारी भिवंडी परिमंडल दो के पुलिस उपायुक्त नवनाथ ढवले ने दी है।
बता दें कि इन दिनों मुस्लिमों का पवित्र महीना रमजान चल रहा है, जबकि गुरुवार को हनुमान जयंती है। हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में स्थानीय नेहरू नगर के हनुमान मंदिर से झांकी और शोभायात्रा मार्कण्डेश्वर मंदिर तक निकलता है। इसी मार्ग पर नागिना मस्जिद व मदीना नामक दो मस्जिद भी है। इस क्षेत्र में हिंदू और मुस्लिम लोग संयुक्त रूप से रहते हैं । शाम के समय जब हनुमान जयंती की झांकी और शोभायात्रा निकलेगी, उसी दौरान ही शाम की मकरीब की नमाज और इफ्तार का भी समय रहेगा। हिंदू और मुस्लिम समुदाय के कार्यक्रम में किसी प्रकार की कोई बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए डीसीपी नवनाथ ढवले ने शहर में सुरक्षा के खासा इंतजाम किया है। शहर के हर मस्जिद व मंदिरों पर बड़े तादाद में पुलिस बल को तैनात किया गया है, ताकि शहर में कोई अप्रिय घटना ना घटे। इससे पहले कानून-व्यवस्था को चाक चौबंद रखने के लिए डीसीपी ढवले के नेतृत्व में बुधवार को शाम 6 बजे से 6:40 तक शहर भर के पुलिस कर्मियों व आला अधिकारियों ने रूट मार्च किया। इस रूट मार्च में सहायक पुलिस आयुक्त किशोर खैरनार ,सहायक पुलिस आयुक्त सुनील वड़के के नेतृत्व में शहर के सभी छहों पुलिस स्टेशनों के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, 21 पुलिस अधिकारी, 110 पुलिस हवलदार ,35 महिला पुलिसकर्मी, 20 परिवहन विभाग के हवलदार, 15 होमगार्ड, एसआरपीएफ स्ट्रायकिंग, जोन 2 स्ट्रायकिंग, आर.सी.पी दस्ता शामिल हुए थे। इससे पहले पुलिस की तत्परता से शहरभर में महावीर जयंती पूरे धूमधाम से शांतिपूर्वक मनाया गया।


