spot_img

Kota : राजस्थान के कोटा में दहेज के लिए महिला की हत्या, पति व ससुराल वालों पर मामला दर्ज

कोटा : राजस्थान के कोटा में दहेज को लेकर एक महिला की उसके पति ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार रात बॉम्बे योजना इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि मृत महिला की पहचान लक्ष्मी हरिजन (24) के रूप में हुई है।

उद्योग नगर के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) मनोज सिंह सिकरवाल ने बताया कि पीड़िता के माता-पिता की शिकायत पर आरोपी पति अजय हरिजन, उसकी मां और दो बहनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि दोनों की शादी करीब चार साल पहले हुई थी।

उन्होंने बताया कि लक्ष्मी के माता-पिता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि अजय शराबी था और दहेज के लिए लक्ष्मी को प्रताड़ित करता था।

एसएचओ ने बताया कि शनिवार को आरोपी ने महिला को डंडों से पीटा और फिर धारदार हथियार से उस पर हमला किया।

उन्होंने बताया कि पीड़िता के शरीर पर चोट के छह निशान हैं। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार को सौंप दिया गया।

एसएचओ ने बताया कि आगे की जांच चल रही है और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

Explore our articles