spot_img

MUMBAI : उतार-चढ़ाव के बीच सेंसेक्स 40 अंक टूटा, निफ्टी भी नुकसान में

MUMBAI: Sensex breaks 40 points amid ups and downs, Nifty also in loss

मुंबई: (MUMBAI) उतार-चढ़ाव के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 40 अंक से अधिक के नुकसान में रहा। वैश्विक बाजारों में मिले-जुले रुख के बीच आईटी तथा वाहन शेयरों में बिकवाली से जो नुकसान हुआ, बैंक तथा पेट्रोलियम कंपनियों के शेयरों में तेजी ने उसकी भरपाई कर दी।तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 40.14 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,613.72 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक मजबूत खुला और एक समय 295.59 अंक तक चढ़ गया था। लेकिन बाजार इस बढ़त को बरकरार नहीं रख पाया।सेंसेक्स के 19 शेयर नुकसान में जबकि 11 लाभ में रहे।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 34 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,951.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 17,061.75 से 16,913.75 अंक के दायरे में रहा।निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 32 नुकसान में जबकि 17 लाभ में रहे। एक का भाव यथावत रहा।सेंसेक्स के शेयरों में टेक महिंद्रा, टाटा मोटर्स, भारती एयरटेल, विप्रो, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, महिंद्रा एंड महिंद्रा तथा अल्ट्राटेक सीमेंट प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में इंडसइंड बैंक, पावरग्रिड, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी और टाटा स्टील शामिल हैं।जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘भारतीय बाजार पर मंदड़िये हावी हैं। निवेशक भारतीय रिजर्व बैंक के नीतिगत दर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए सतर्क रुख अपना रहे हैं।’’

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट मामूली नुकसान में रहा।यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजारों में सोमवार को मिला-जुला रुख था।इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.50 प्रतिशत मजबूत होकर 78.51 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने सोमवार को 890.64 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

Explore our articles