
भिवंडी : भिवंडी मनपा अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाना कोई नई बात नहीं है, लेकिन अब केशवनगर, बाबू चुनीवाला बिल्डिंग के पास एक सार्वजनिक शौचालय की सफाई को लेकर सफाई विभाग प्रमुख पर शौचालय को निजी बताकर 25 हजार रुपए मांगने का गंभीर आरोप स्थानीय निवासी तिरूमल्लेश व्यंकटेश चिम्मनी द्वारा पालिका प्रशासक व आयुक्त विजय कुमार म्हसाल को पत्र लिखकर लगाया गया है। इस मामले में जांच कर कड़ी करवाई की मांग ज़ोर पकड़ने लगी है।
भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका प्रशासक व आयुक्त विजय कुमार म्हसाल को दिए गए पत्र में स्थानीय निवासी तिरूमल्लेश व्यंकटेश चिम्मनी ने बताया है कि मनपा क्षेत्र के वार्ड नंबर 19 के केशव नगर, बाबू चुनीवाला बिल्डिंग के पास, घर नंबर 751 के सामने एक 25-30 वर्ष पुराना चार सीट वाला सार्वजनिक शौचालय है, जिसका इस्तेमाल यहां रहने वाले 55 परिवार के लोग करते हैं, लेकिन 25-30 वर्ष होने की कारण यह शौचालय जर्जर हो चुका है। साथ ही साफ-सफ़ाई के अभाव के कारण तिरूमल्लेश व्यंकटेश चिम्मनी ने इसकी सफाई और जर्जर अवस्था को लेकर मरम्मत की मांग मनपा से की थी। पत्र में तिरूमल्लेश व्यंकटेश चिम्मनी ने शौचालय विभाग प्रमुख नितिन चव्हाण पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया है की इस शौचालय को निजी बताते हुए शौचालय विभाग प्रमुख नितीन चव्हाण ने इसकी मरम्मत के लिए 25 हजार रुपए और शौचालय की सफाई करवाने के नाम पर दर माह 5 हजार मांग की है। शौचालय की साफ सफाई और मरम्मत न होने से यहां के 55 परिवार के लोगों को मजबूरन टूटे फूटे दरवाजे में खुला शौच करना पड़ रहा है। जिससे इनके स्वास्थ को खतरा बना हुआ है, साथ ही जर्जर अवस्था के कारण कभी भी बड़ी घटना के घटने से इंकार नहीं किया जा सकता।


