
मुंबई : सेंट्रल रेलवे के मुंबई मंडल ने टिकट जांच के दौरान 26 फरवरी 2023 को 100 करोड़ रुपए का आंकड़ा छूकर एक विशेष उपलब्धि को हासिल करने वाला भारतीय रेलवे का पहला मंडल बन गया है। बता दें कि सभी वैध रेल उपयोगकर्ताओं के लिए आरामदायक यात्रा और बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए, मुंबई मंडल द्वारा बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए उपनगरीय, मेल एक्सप्रेस, यात्री सेवाओं, विशेष ट्रेनों में गहन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। 1 अप्रैल 2022 से 26 फरवरी 2023 की अवधि के दौरान, टिकट चेकिंग राजस्व ने बिना टिकट/अनधिकृत यात्रा के 18.08 लाख मामले पकड़े, जिनसे 100.31 करोड़ रुपए की राशि वसूल की गई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान 12.03 लाख मामले पकड़े गए थे, उनसे 61.62 करोड़ रुपए की राशि वसूल की गई थी। पिछले साल की अवधि की तुलना में राजस्व में 62.79% की वृद्धि और मामलों की संख्या में 50.32% की वृद्धि दर्शाता है।
1 अप्रैल 2022 से 26 फरवरी 2023 की अवधि के दौरान 18.08 लाख मामलों से 100.31 करोड़ रुपए के राजस्व में एसी लोकल में 25,781 मामलों से 87.43 लाख रुपए का राजस्व और प्रथम श्रेणी कोचों में 1.45 लाख मामलों से 5.05 करोड़ रुपए का राजस्व शामिल है। इससे पहले एक वित्तीय वर्ष में मुंबई मंडल पर सबसे ज्यादा कमाई 2019-20 में 15.73 लाख मामलों से 76.82 करोड़ रुपए की आय हुई थी।


