
स्वास्थ्य विभाग ने फिर पकड़ा चार झोलाछाप डॉक्टर
अब तक 22 डॉक्टर नपे,बोगस डॉक्टरों में मचा हड़कंप
भिवंडी : भिवंडी मनपा स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहर के बोगस डॉक्टरों पर कार्रवाई जारी है। विभाग ने स्थानीय नारपोली व अंजुरफाटा इलाके से चार झोलाछाप डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है, जो बिना दस्तावेज के दवाखाना चला रहे थे। स्वास्थ्य विभाग की ओर अब तक 22 बोगस डॉक्टरों पर कार्रवाई किए जाने से बोगस डॉक्टरों में न सिर्फ हड़कंप मच गया है बल्कि वे कार्रवाई के डर से भूमिगत होने लगे हैं।
मालूम हो कि भिवंडी शहर में झोलाछाप डाॅक्टरों की भरमार है।जो बिना किसी मेडिकल दस्तावेज के अथवा दूसरों के नाम का शार्टिफिकेट लगाकर स्लम व मजदूर बस्तियों में अपनी क्लीनिक खोलकर मरीजों को अनाप सनाप दवाइयां देकर उनका इलाज़ करते है,जिनके कारण मरीजों की मौत होने की कई घटनाएं शहर में घटित हो चुकी है। पिछले दिनों टेमघर में गर्भवती महिला की गलत इलाज के कारण हुई मौत के बाद मनपा स्वास्थ्य विभाग एक्शन में आ गया और छोला छाप डॉक्टरों के धरपकड़ की मुहिम शुरू कर दी। मनपा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मनपा चिकित्सा अधिकारी डॉ.जयवंत धुले की नेतृत्व में अंजुरफाटा व नारपोली इलाके में सक्रिय चार झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ नारपोली पुलिस स्टेशन में विभिन्न धाराओं के तहत शिकायत दर्ज करवाया है। जहां पर डॉ हरीशंकर पटेल, डॉ रूद्रण रणजीत राय,डॉ राजेन्द्र प्रसाद हंसराज पटेल व डॉ राधेश्याम कालिका बिना किसी मेडिकल डिग्री के क्लीनिक खोलकर मरीजों के जान के साथ खिलवाड़ कर रहे थे। मनपा के चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयवंत धुले ने बताया कि शहर में फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जिसके कारण फर्जी डाक्टरों में हड़कंप मचा हुआ है।


