
भारी सुरक्षा के बावजूद डांसबार चालक कैसे पहुंचा मुख्यमंत्री तक ?
उल्हासनगर : उल्हासनगर के एक बदनाम और विवादित डांस बार के मालिक का बालासाहेब की शिवसेना' में प्रवेश करने से उल्हासनगर में राजनीति गर्मा गई है. माना जा रहा है कि पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए डांस बार मालिक रवि वसीटा ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में बालासाहेब की शिवसेना में प्रवेश किया. मजेदार बात यह है कि पार्टी के शहर प्रमुख राजेंद्र सिंह भुल्लर महाराज को भी इस विषय में कोई जानकारी नहीं थी. उनका कहना है कि वे खुद हैरान है कि बिना उनकी जानकारी के डांस बार मालिक को स्टेज तक कैसे पहुंचाया गया और मुख्यमंत्री से मिलवाया गया. आपको बता दें कि बीते 15 फरवरी की देर शाम मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उल्हासनगर आये थे जहां उन्होंने शहर के कई विकास कामों का उद्घाटन/लोकार्पण किया था. इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल, सांसद डॉक्टर श्रीकांत शिंदे, कल्याण जिला प्रमुख गोपाल लांडगे, जिला कलेक्टर अशोक शिंनगारे, विधायक कुमार आयलानी, डॉक्टर बालाजी किणिकर, गणपत गायकवाड़, शहर प्रमुख राजेंद्र सिंह भुल्लर महाराज समेत कई गणमान्य लोग स्टेज पर मौजूद थे. कैंप 3 में स्थित सेंचुरी रेयॉन के मैदान में उल्हासनगर मनपा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सुरक्षा के जबरदस्त इंतजाम किये गए थे. जब मुख्यमंत्री का संबोधन ख़त्म हुआ तभी स्टेज पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बगल में शहर का सबसे विवादित और बदनाम माना जाने वाला डांस बार का मालिक रवि वसीटा को देखकर अधिकांश लोग चौंक गए. सूत्रों की मानें तो पुलिसिया कार्रवाई से बचने के लिए रवि वसीटा ने एकनाथ शिंदे कीबालासाहेब की शिवसेना’ में प्रवेश किया है. अब यहां सबसे बड़ा सवाल ये है कि आखिर भारी सुरक्षा के बावजूद डांसबार चालक रवि वसीटा कैसे मुख्यमंत्री तक पहुंचा ? बहरहाल इस मामले को लेकर शहर में राजनीति गरमाई हुई है. लोगों का कहना है कि एक समय था जब स्वर्गीय धर्मवीर आनंद दिघे ने डांस बार के खिलाफ मुहिम चलायी थी और उनके साथ एकनाथ शिंदे ने डांसबारों में जमकर तोड़फोड़ किया था. बताया जाता है कि रवि वसीटा उल्हासनगर के श्रीराम चौक पर डांस बार और वही पर जुआ का अड्डा चलता है और इन धंधो पर कार्रवाई न हो इसलिए शिवसेना पार्टी में प्रवेश किया है।


