spot_img

MUMBAI : सेल्फी से इनकार करने के बाद पृथ्वी शॉ की कार पर हमला, आठ व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज

मुंबई : मुंबई में सांताक्रूज स्थित एक लग्जरी होटल के बाहर भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के साथ सेल्फी लेने को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने उनकी कार पर बेसबॉल के बल्ले से हमला कर दिया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

बुधवार तड़के हुई इस घटना के बाद पुलिस ने एक महिला सहित आठ व्यक्तियों के खिलाफ दंगा और जबरन वसूली का मामला दर्ज किया।

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब हुई जब क्रिकेटर सांताक्रूज में घरेलू हवाईअड्डे के पास स्थित होटल में अपने एक व्यवसायी दोस्त के साथ खाना खाने गए थे।

इस संबंध में शॉ के मित्र और कैफे चलाने वाले आशीष यादव ने शिकायत दर्ज कराई। यादव पिछले तीन साल से बांद्रा में शॉ के साथ रह रहे हैं।

अधिकारी ने कहा कि शिकायत के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति सेल्फी के लिए शॉ के पास आया। अधिकारी ने कहा कि शुरुआत में क्रिकेटर ने उस शख्स को ऐसा करने दिया। अधिकारी ने कहा कि हालांकि, जब व्यक्ति ने उनके साथ और सेल्फी लेने पर जोर दिया, तो शॉ ने अनुरोध ठुकरा दिया। अधिकारी ने कहा कि इसके बाद आरोपी ने क्रिकेटर से बहस और बदसलूकी शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि यह देखकर होटल के प्रबंधक ने हस्तक्षेप किया और शॉ के साथ सेल्फी की मांग कर रहे व्यक्ति से परिसर से चले जाने को कहा।

उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद शॉ और यादव ने होटल में रात का खाना खाया लेकिन जब शॉ अपने दोस्त के साथ उस जगह से बाहर निकल रहे थे, तो उन्होंने देखा कि वही व्यक्ति हाथ में बेसबॉल का बल्ला लिए हुए है। उन्होंने कहा कि कार में बैठने के बाद आरोपियों ने बेसबॉल के बल्ले से गाड़ी के शीशे पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि शॉ को दूसरी कार में स्थानांतरित किया गया, जबकि यादव और अन्य लोग उनके वाहन को ओशिवारा ले गए।

उन्होंने बताया कि यादव ने तीन मोटरसाइकिल और एक सफेद रंग की कार को उनके वाहन का पीछा करते देखा। उन्होंने तड़के 4 बजे के आसपास, उनका पीछा कर रहे लोगों ने उनकी कार पर उस समय हमला किया जब वह लिंक रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास यू-टर्न ले रहे थे। अधिकारी ने बताया कि उनमें से एक ने बेसबॉल बैट को कार के पीछे के शीशे पर दे मारा जिससे वह टूट गया।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि मोटरसाइकिल सवार छह व्यक्तियों और कार में सवार महिला सहित दो अन्य व्यक्तियों ने यादव और उनके साथ के लोगों को अपशब्द कहे।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद यादव कार को ओशिवारा थाने ले गए। उन्होंने कहा कि आठ आरोपी भी उनके पीछे वहां पहुंच गए। पुलिस अधिकारी ने कहा कि महिला आरोपी ने बहस शुरू कर दी और यादव को मामले को निपटाने के लिए 50,000 रुपये देने के लिए कहा और धमकी दी कि ऐसा नहीं किये जाने पर वह उनके खिलाफ पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज कराएगी।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद यादव ने आरोपियों के खिलाफ एक शिकायत दी और उनकी शिकायत के आधार पर, ओशिवारा पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 143, 148, 384, 506 और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।




Explore our articles