उप कृषि निदेशक गोपालदास गुप्ता ने किसानों को दी सलाह
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) रबी की प्रमुख फसल गेहूं के लिए खतरपतवार बहुत हानिकारक होता है। यह न सिर्फ गेहूं की फसल की बढ़त को रोकता है, बल्कि उत्पादन भी प्रभावित करता है। इसके लिए किसान भाइयों को जरूरी कीटनाशकों का संतुलित मात्रा में इस्तेमाल करना चाहिए। यह जानकारी देते हुए उप कृषिनिदेशक गोपालदास गुप्ता ने बताया कि रबी की प्रमुख फसल गेहूं में खरपतवारों के नियंत्रण के लिए नीचे दिए गए कीटनाशकों की मात्रा को 200 लीटर पानी में मिलाकर फ्लैट फैन नाजिल की सहायता से प्रथम सिंचाई के बाद (25-30 दिन की अवस्था पर) प्रति एकड़ की दर से छिड़काव करें।
उन्होंने बताया कि सकरी पत्ती वाले खरपतवारों (गेहुंसा एवं जंगली जई) के नियंत्रण के लिए सल्फोसल्फ्यूरान 75% डब्ल्यूजी की एक यूनिट, चौड़ी पत्ती वाले खरपतवारों (बथुआ, कृष्णनील आदि) के लिए मेटसल्फ्यूरान मिथाइल 20% डब्ल्यूपी की एक यूनिट, सकरी एवं चौड़ी पत्ती वाले दोनों तरह के मिश्रित खरपतवारों के लिए सल्फोसल्फ्यूरान 75% + मेटसल्फ्यूरान मिथाइल 5% डब्ल्यूजी की एक यूनिट का छिड़काव करें।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि कोहरा एवं बादल युक्त मौसम रबी की फसलों में गेहूं को छोड़कर अन्य के लिए नुकसानदायक होता है। हानिकारक कीट, रोग और खरपतवार फसलों की ग्रोथ उत्पादन को प्रभावित करते हैं। उप कृषि निदेशक गोपालदास गुप्ता ने गेहूं की ही तरह सरसों की फसलों में निर्धारित मात्रा में कीटनाशकोंकाप्रयोग कर बचाव किया जा सकता है।
बताया कि सरसो में माहू एवं पत्ती सुरंगक कीट के नियंत्रण के लिए एजाडीरेक्टिन 0.15 प्रतिशत ईसी की 2.5 लीटर या डाईमेथोएट 30% ईसी या क्लोरपाइरीफॉस 20% ईसी की एक लीटर मात्रा को 500-600 लीटर पानी में घोल बनाकर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करें
अल्टरनेरिया पत्ती धब्बा, सफेद गेरूई एवं तुलासिता रोग के नियंत्रण के लिए मैंकोज़ेब 75% डब्ल्यूपी अथवा जिनेब 75% डब्ल्यूपी की 2.0 किलोग्राम या मेटालेक्सिल 8 प्रतिशत + मैंकोज़ेब 64% डब्ल्यूपी की 2.5 किलोग्राम मात्रा में से किसी एक रसायन को 500-600 लीटर पानी में घोल बनाकर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करना फायदे में रहेगा।
उप निदेशक कृषि ने बताया कि किसान भाई फसल सुरक्षा के लिए किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए कृषि विभाग के व्हाट्सप नंबर 9452247111 व 9452257111 पर अपनी समस्या बता सकते हैं या फिर मेरे मोबाइल नंबर 9415592498 पर भी संपर्क कर सकते हैं।


