spot_img

Mirzapur/Bhadohi : दिसंबर महीने में गिरफ्तार किए गए 15 इनामिया बदमाश

मिर्जापुर में आठ और कालीननगरी भदोही की पुलिस ने सात को किया गिरफ्तार
मिर्जापुर/भदोही:(Mirzapur/Bhadohi )
विंध्याचल परिक्षेत्र के जनपद मिर्जापुर और भदोही से कुल 15 इनामिया बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। डीआईजी आरपी सिंह ने बताया कि इनामिया अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए गए अभियान के दौरान प्रभावी कार्यवाही करते हुए बीते दिसंबर माह में जनपद मिर्जापुर से कुल आठ इनामिया अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि भदोही से कुल सात इनामिया अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।
डीआईजी ने बताया कि मिर्जापुर जनपद के मड़िहान थाना की पुलिस ने पांच वर्ष से फरारी काट रहे 50 हजार के इनामिया अभियुक्त लल्लन मौर्य पुत्र स्व. सीताराम (गोरथरा, मड़िहान) को पुलिस मुठभेड़ में दबोचा गया। इसी क्रम में चुनार थाने की पुलिस ने 50 हजार के इनामिया अभियुक्त अशोक कुमार यादव पुत्र नखड़ू (जलालपुर, चुनार) को भी मुठभेड़ में धरा गया। इसी तरह कोतवाली शहर क्षेत्र से 25 हजार के इनामिया अभियुक्त मानवेंद्र कुमार राय पुत्र महेंद्र कुमार राय (वार्ड तीन, पिपरी, सोनभद्र) को गिरफ्तार किया गया। मानवेंद्र पिछले छह साल से फरारी काट रहा था।

इसी क्रम में कछवा थाना क्षेत्र के 25 हजार के इनामिया गायत्री प्रसाद उर्फ जयप्रकाश बिंद पुत्र मंगरू प्रसाद सहित तीन गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया गया। मिर्जापुर के थाना कोतवाली कटरा पुलिस ने दहेज हत्या में वांछित चल रहे 25 हजार के इनामिया करतार पुत्र स्व. परमानंद (पक्का पुल, कोतवाली कटरा) को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसी तरह थाना पड़री पुलिस ने 25 हजार के इनामिया विनय कुमार यादव पुत्र रामप्रसाद यादव ( चौहानपट्टी, थाना पड़री), 20-20 हजार के 2 इनामिया अभियुक्तों निरंजन यादव और बबलू यादव पुत्रगण स्व. रामवली यादव (अक्सौली, थाना पड़री) को भी गिरफ्तार किया गया।

दूसरी तरफ भदोही जनपद के औराई थाने की पुलिस ने 50 हजार के इनामिया, ट्रक सहित सरिया लूट की घटना में वाछिंत प्रदीप मिश्रा पुत्र दुर्बली मिश्र (चौकठा, मेजा, प्रयागराज) को गिरफ्तार जेल भेजा गया। जबकि चौरी पुलिस ने 25 हजार के इनामिया अभियुक्त नींबूलाल वनवासी पुत्र गोरखनाथ वनवासी (मैहर दोपत्ती, थाना चौरी) को पुलिस मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया।
इसी कड़ी में सुरियावां पुलिस ने बैकमित्र लूटकांड के अभियुक्त व 25 हजार के इनामिया राशू उर्फ राशुतोष पांडेय पुत्र सुरेश पांडेय (चनेथू, थाना सरायममरेज, प्रयागराज), थाना भदोही पुलिस ने 25 हजार के इनामिया आशीष सिंह उर्फ गोलू सिंह पुत्र मटुकधारी सिंह (मोजी, वंश का पूरा, खड़ेरी, थाना बरसठी, जौनपुर) को गिरफ्तार किया गया। इसी क्रम में भदोही पुलिस ने 25 हजार के इनामिया चोर सुभाष वनवासी पुत्र डेंगुर वनवासी (मोढ़, भदोही) और 15-15 हजार के इनामिया अमित कुमार शर्मा व सुमित कुमार शर्मा पुत्रगण महेशचंद्र शर्मा (बड़गौनी, थाना विल्सी, जनपद बदायूं) को गिरफ्तार किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Explore our articles