नयी दिल्ली: (New Delhi) राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह (Director General Lt Gen Gurbir Pal Singh) ने शुक्रवार को कहा कि पिछले एक दशक में एनसीसी में लड़कियों की भागीदारी दोगुनी से अधिक हो गई है।देश भर के एनसीसी सदस्य वार्षिक गणतंत्र दिवस शिविर के लिए राष्ट्रीय राजधानी में एकत्र हुए हैं। एनसीसी के महानिदेशक ने पुनीत सागर अभियान सहित देश भर में कैडेट द्वारा की गई गतिविधियों का अवलोकन किया। पुनीत सागर अभियान के तहत विभिन्न जल निकायों से 200 टन से अधिक प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया है।डीजी एनसीसी ने कहा, “एनसीसी में हर साल बालिका कैडेट की भागीदारी बढ़ रही है।” लेफ्टिनेंट जनरल सिंह ने कहा कि एनसीसी में महिलाओं का अनुपात 2010 में करीब 13 फीसदी था, जो इस साल करीब 35 फीसदी हो गया है।
उन्होंने कहा, “कुछ राज्यों में महिला कैडेट का अनुपात अधिक है। दिल्ली, केरल और उत्तर पूर्वी राज्यों जैसे राज्यों में लड़कियों की संख्या अधिक है, कुछ राज्यों में लगभग 50 प्रतिशत महिला कैडेट हैं।”राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर में इस वर्ष देशभर से 2155 कैडेट भाग ले रहे हैं। इनमें 710 लड़कियां हैं। शिविर का औपचारिक उद्घाटन शनिवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे।


