मन चेतना दिवस के मौके पर एक दिनी जगरुकता शिविर का आयोजन
विशेषज्ञों ने अवसाद, आत्महत्या के कारण और उपचार पर रखे विचार
सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही : मन चेतना दिवस के अवसर पर गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, औराई में एक विशाल जागरूकता एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ क्षेत्र पंचायत प्रमुख बृजमोहन मिश्र ने फीता काटकर किया। क्षेत्र पंचायत प्रमुख ने जागरुकता शिविर के आयोजन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, लोग निराशा के माहौल में नकारात्मक विचारों से घिरे हुए हैं। समाज को स्वस्थ रखने के लिए इसे नियंत्रित करना जरूरी है। छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करना, बिना किसी वजह के आवेशित होना, दिमाग में तरह-तरह के विचारों का आना भी एक प्रकार की मानसिक बीमारी का संकेत हो सकता है। इसके लिए हम सभी को नियमित और संयमित जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए। यदि किसी को कोई दिक्कत हो तो वह जिला मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ की मदद ले सकता है।
जिला मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ/ महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय, के प्रोग्राम ऑफिसर एवं मनोचिकित्सक डॉ. अभिनव पांडेय ने अवसाद, आत्महत्या के लक्षण और उपचार पर चर्चा की और मुख्य अतिथि का धन्यवाद ज्ञापित किया। नैदानिक मनोवैज्ञानिक डॉ. अशोक परासर ने मानसिक बीमारी एवं तनाव के लक्षण, कारण और मनोवैज्ञानिक उपचार पर विस्तृत चर्चा करते हुए परिवार और समाज की भूमिका पर प्रकाश डाला।
मनोचिकित्सीय सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. शांति ने कार्यक्रम के प्रारूप, प्रबंधन और मनकक्ष की सुविधाओं पर प्रकाश डाला और बताया कि हेल्पलाइन 9118570599 नंबर की जानकारी दी। इस मौके पर डॉ. प्रशांत, डॉ. राशिद मुराद, डॉ. कृष्णचंद्र मिश्र, डॉ. सोफिया, डॉ. पृथ्वीराज, डॉ. विनोद, डॉ. सतीशचंद्र, प्रज्ञा मौर्या मौजूद रहीं।


