
प्रतापगढ़ : वर्ष 2023 के शासकीय अवकाश की सूची में दर्ज पांच जनवरी का अवकाश निरस्त किया गया है। क्रमांक एक में दर्ज गुरु गोविंद सिंह की जयंती के निमित्त पांच जनवरी को दिए गए अवकाश के निरस्त किए जाने की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल ने बताया है कि शासन के निर्देशानुसार जनपद में निर्गत शासकीय अवकाश सूची-2023 को संशोधित करते हुए गुरू गोविंद सिंह जयंती (05 जनवरी, 2023) के शासकीय अवकाश को निरस्त कर दिया गया है।
दूसरी तरफ जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल की अध्यक्षता में होने वाला अगला संपूर्ण समाधान दिवस पट्टी में सात जनवरी को होगा। जिलाधिकारी पट्टी में होने वाले तहसील दिवस की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील रानीगंज एवं मुख्य राजस्व अधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील सदर में किया जाएगा। अन्य तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन संबंधित उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में होगा।
इसके अतिरिक्त 21 जनवरी को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील कुंडा, एडीएम की अध्यक्षता में तहसील लालगंज में एवं मुख्य राजस्व अधिकारी की अध्यक्षता में तहसील पट्टी में किया जाएगा। जबकि अन्य में स्थानीय एसडीएम संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करेंगे।


