
सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही : ‘वृक्ष आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक अशोक कुमार गुप्ता ने आज अपने पौधरोपण अभियान के 1912वें दिन खुंदका पंचवटी आयुष उपवन में पौधरोपण किया। पर्यावरण को सुरक्षित, संरक्षित कर धरा को प्रदूषण मुक्त एवं हरा भरा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध शिक्षक अशोक कुमार गुप्ता द्वारा 10 अक्टूबर, 2017 से अनवरत वृक्षारोपण किया जा रहा है।
अपने इसी अभियान के तहत उन्होंने अभियान के 1912वें दिन मिर्जापुर जनपद के चुनार तहसील के खुंदका गांव में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक अमरेश कुमार सिंह द्वारा निर्मित खुंदका पंचवटी आयुष उपवन में पौधरोपण किया। पौधरोपण करते हुए शिक्षक अमरेश सिंह ने कहा कि हम आयुष उपवन में विभिन्न प्रकार के औषधीय गुणों वाले पौधों का रोपण कर जनकल्याण के रूप में उनका उपयोग करके जीवन की रक्षा कर सकते हैं।
भदोही के वृक्ष पुरुष अशोक कुमार गुप्ता द्वारा पर्यावरण को सुरक्षित संरक्षित करने का जो बीड़ा उठाया गया है, वह काबिले तारीफ है। हम सबको इस मुहिम से जुड़कर धरती को हरा-भरा बनाने का प्रयास करना चाहिए ताकि आने वाले पीढ़ी को देने के लिए हमारे पास स्वच्छ और शुद्ध जल एवं वायु साथ-साथ हरी-भरी धरती हो। शिक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण की इस मुहिम से जुड़कर मैं स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।


