
नये यमुना पुल पर वाहनों की चेकिंग के दौरान कार सवार ने मारी थी टक्कर
गंभीर रूप से जख्मी एआरटीओ को जीवन ज्योति हास्पिटल से किया गया रेफर
इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट डेस्क
प्रयागराज : नये यमुना ब्रिज पर वाहनों की चेकिंग कर रहे एआरटीओ (प्रवर्तन) भूपेश कुमार गुप्ता को आज सुबह एक कार सवार ने टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने से भूपेश कुमार गुप्ता गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आनन-फानन में उन्हे इलाज केलिए जीवन ज्योति हास्पिटल रामबाग ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को नाजुक देखते हुए मेदांता के लिए रेफर कर दिया गया है।
दूसरी तरफ टक्कर मारने के बाद भाग रहे कार सवार को फरार हो गया। उसकी तलाश में लगी पुलिस ने आरोपी को कार समेत दबोच लिया है। नैनी पुलिस ने एआरटीओ को टक्कर मारने वाले चालक सुमित शर्माको उसकी कार के साथ धर दबोचा है, उससे पूछताछ जारी है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को भोर में एआरटीओ (प्रवर्तन)भूपेंद्र कुमार गुप्ता अपनी टीम के साथ नैनी के नये ब्रिज पर वाहनों को चेकिंग के लिए पहुंचे थे। चेकिंग के दौरान ही वह एक वाहन की नंबर प्लेट की फोटो लेने के लिए आगे बढ़े, उसी दौरान तेज रफ्तार में आई कार ने उसे टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगने से एआरटीओ उछलकर दूर जा गिरे। इसी दौरान टक्कर मारने का आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। हादसे केबाद तत्काल भूपेश कुमार गुप्ता को जीवन ज्योति ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस वारदात की सूचना मिलते ही तमाम विभागीय अफसरों के अलावा पुलिस विभाग के अफसर मौके पर पहुंच गए। गिरफ्त में आए कार चालक सुमित शर्मा से पूछताछ की जा रही है।


