spot_img

THANE : नए साल की पूर्व संध्या पर
पुलिस का ऑल आउट कांबिंग ऑपरेशन

166 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

ठाणे : ठाणे पुलिस ने ऑल आउट कांबिंग ऑपरेशन के तहत कार्रवाई कर 166 आरोपियों को गिरफ्तार किया,जबकि विभिन्न पुलिस स्टेशनों में 164 मामले दर्ज कराए गए हैं। इस कार्रवाई को ठाणे पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत 5 पुलिस परिमंडलों में अंजाम दिया गया। जंबो कांबिंग ऑपरेशन के दौरान 234 पुलिस अधिकारी और 1070 पुलिसकर्मी शामिल हुए। जंबो कांबिंग ऑपरेशन में शहर की यातायात पुलिस भी सहभागी रही। कांबिंग ऑपरेशन के दौरान कार्रवाई कर वाहनों की जांच पड़ताल की गई। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से 11 लाख 63 हजार 500 रुपए दंड की वसूली की गई। वही 140 लोगों पर ड्रिंक एंड ड्राइव अंतर्गत कार्रवाई की गई । गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष उपस्थित किया गया, जबकि पुलिस का जंबो कांबिंग ऑपरेशन गुरुवार की रात्रि में हुआ था।
जानकारी के अनुसार नए वर्ष की पूर्व संध्या पर सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के निमित्त ठाणे पुलिस आयुक्तालय अंतर्गत 5 पुलिस परिमंडलों ठाणे, भिवंडी, कल्याण-डोंबीवली, उल्हासनगर व अंबरनाथ परिसर में ऑल आउट कांबिंग ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। इस दौरान अवैध शस्त्रों की जब्ती, विभिन्न मामलों में शामिल अपराधियों की धरपकड़, होटल, लॉज, डांसबार और हुक्का पार्लर की जांच पड़ताल का काम किया गया। इसके साथ ही पैरोल पर रिहा हुए ऐसे आरोपी जो फरार हो गए हैं, उसकी भी खोजबीन पुलिस ने की।
ठाणे पुलिस का कहना है कि इस दौरान वाहनों की भी बड़े स्तर पर जांच पड़ताल की गई।

हिस्ट्रीशीटर की भी जांच पड़ताल हुई
इसके साथ ही हिस्ट्रीशीटर की भी जांच पड़ताल हुई। ऐसे अपराधियों को वारंट जारी किया गया है, जो फरार रहे। बताया जाता है कि पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कांबिंग ऑपरेशन के दौरान कार्रवाई की। कांबिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 5 लोगों को अवैध शस्त्र के मामले में गिरफ्तार किया। इसके साथ ही तड़ीपारी उल्लंघन के मामले में भी 12 आरोपी गिरफ्तार किए गए। इसके साथ ही कांबिंग ऑपरेशन के दौरान अवैध कारोबार के मामले में 52 आरोपियों और दारूबंदी अंतर्गत किए गए अपराधिक मामले में 52 आरोपी गिरफ्तार किए गए, जबकि अवैध जुगार के मामले में प्रतिबंधक कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। ड्रग्स के 19 मामले में 20 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। वहीं गुटखा विरोधी कार्रवाई के दौरान 2 मामलों में तीन आरोपी पकड़े गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Explore our articles