
कॉलेज की सक्रियता से दर्ज हुआ मामला
पुरुषोत्तम कनौजिया
नवी मुंबई : नवी मुंबई के सानपाड़ा पुलिस स्टेशन के एक कॉन्स्टेबल पर युवती ने बीच सड़क पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पीड़िता अपने मित्र के साथ रात में घूम रही थी और आरोपी कॉन्स्टेबल पेट्रोलिंग के लिए गया था उसी दौरान आरोपी ने युवती के साथ छेड़छाड़ की थी। जिससे घबराकर लड़की तुरंत आरोपी के चंगुल से खुद को छुड़ाकर वहां से भाग गई थी। पीड़ित लड़की मुंबई आईआईटी की छात्रा है और उसका अक्सर पढ़ाई के सिलसिले में देर रात लाइब्रेरी से आना जाना लगा रहता है। इस घटना से लोग सवाल कर रहे हैं कि अगर रक्षक ही भक्षक बनेंगे, तो शहर की महिलाएं खुलकर कैसे घूमेंगे। सबसे सुरक्षित शहर बनाने का दावा करने वाली पुलिस आखिर इस तरह से किसी युवती के साथ कैसे पेश आ सकती है।
मामला नहीं किया था दर्ज
घटना के बाद सुबह जब पीड़िता सानपाड़ा पुलिस स्टेशन में आरोपी कॉन्स्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज करवाने के लिए पहुंची, तो पुलिस स्टेशन में मौजूद पुलिसकर्मियों ने लड़की को काफी डरा दिया और मामला दर्ज न करते हुए खाली हाथ उसे वहां से भगा दिया, जिसके बाद लड़की आईआईटी मुंबई के डीन के पास गई और उसे पूरी घटना की जानकारी दी।डीन ने सक्रियता दिखाते हुए पवई पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। जिसे बाद में पवई पुलिस ने सानपाड़ा पुलिस को ट्रांसफर कर दिया।
मामला न दर्ज करने का पुराना इतिहास
सानपाड़ा पुलिस पर पहले भी मामला न दर्ज करने के कई आरोप लग चुके हैं। इस पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों और अधिकारियों के बारे में आम चर्चा है कि इनका व्यवहार नागरिकों के प्रति ठीक नहीं है। कुछ वर्ष पहले शिवसेना के पूर्व नगरसेवक ने तो पुलिस के खिलाफ सीधे पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी,लेकिन अधिकारियों से किसी पर भी कोई कार्रवाई नहीं की थी।


