spot_img

PRATAPGARH : खासी, बुखार या अन्य कोई भी लक्षण दिखे तो करवाएं कोविड की जांच

जिला अस्पताल, सीएचसी पर अधिक से अधिक करवाएं सैंपलिंग

जिलाधिकारी ने की स्वास्थ्य सुविधाओं और योजनाओं की समीक्षा

प्रतापगढ़ : कोविड-19 के आगामी वैरिएंट के मद्देनजर जनपद के सभी राजकीय अस्पतालों में कोविड-19 की सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अस्पतालों में जिन मरीजों में खांसी, बुखार या अन्य कोई वायरस के लक्षण दिखें तो उनकी कोविड-19 की जांच कराई जाए, इसमें लापरवाही न बरती जाए। यह आदेश देते हुए जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल ने सीएमओ समेत स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सभी अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं और जनता से जुड़ी योजनाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया है।
प्रभारी चिकित्साधिकारियों की दी गई चेतावनी
कलेक्ट्रेट सभागार में शासी निकाय की बैठक में जिलाधिकारी ने कहा, बाल स्वास्थ्य पोषण माह अभियान के दौरान नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को दी जाने वाली विटामिन-ए की खुराक से कोई बच्चा वंचित नहीं रहना चाहिए। जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने योजना का शत प्रतिशत भुगतान किए जाने के लिए निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देशित किया कि सीएचसी, पीएचसी व जिला अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता हमेशा बनी रहनी चाहिए। स्वास्थ्य योजनाओं के संचालन में लापरवाही बरतने वाले प्रभारी चिकित्साधिकारी संडवाचंद्रिका, बेलखरनाथधाम, कोहड़ौर, सुखपालनगर, लक्ष्मणपुर, मानधाता, बिहार, पट्टी एवं शिवगढ़ को जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है।

आशा बहनों का भुगतान करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने डीआईओएस व बीएसए को निर्देशित किया कि विद्यालयों में स्वास्थ्य के संबंध में बच्चों में जागरूकता के लिए किशोर स्वास्थ्य क्लब का गठन किया जाए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही करें। बैठक में जिलाधिकारी ने मातृत्व मृत्यु दर की समीक्षा, परिवार कल्याण कार्यक्रम, क्षय रोग नियंत्रण, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, आयुष्मान कार्ड, जन्म-मृत्यु पंजीयन, वीएचएनडी की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि जो आशाएं अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य नहीं कर रही हैं, उनकी लिस्ट उपलब्ध कराएं और जिनका मानदेय भुगतान नहीं हुआ है, उनका भुगतान जल्द से जल्द कराएं।

पोर्टल पर समय से अपलोड हो सूचना
अंत में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों, प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने कार्यों के प्रति सजग रहें। दी गई जिम्मेदारियों का शत-प्रतिशत पालन करें। स्वास्थ्य कार्यों के आंकड़ों को पोर्टल पर समय से अंकित करें। लापरवाही करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (फाइनेंस) त्रिभुवन विश्वकर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जीएम शुक्ल, जिला विकास अधिकारी ओम प्रकाश मिश्र, जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानंद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह, डीपीएम राजशेखर समेत तमाम प्रभारी चिकित्साधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Explore our articles