
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) शनिवार सुबह दारागंज सब्जी मंडी में आलू बेचने गए कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कारोबारी को उस समय गोली मारी गई, जब वह मालवाहक की अगली सीट पर बैठा था। कंबल ओढ़कर आया हत्यारा गोली मारने के बाद भाग निकला। सुबह के वक्त गंगा मूर्ति तिराहे के पास गोली चलने का आवाज से आसपास के लोग अनहोनी को लेकर आशंकित हो उठे। तब तक आम लोगों तक गोली मारकर हत्या की खबर पहुंच गई।
सूचना मिलते ही चंद कदमों की दूरी पर मौजूद मुकामी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायल कारोबारी को एसआरएन ले जाया गया जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी तरफ सरेआम हत्या की जानकारी होते ही नाराज परिजन दारागंज कोतवाली पहुंच गए और कोतवाली का घेराव कर आक्रोश जाहिर किया।
जानकारी के मुताबिक झूंसी थाना क्षेत्र के ईसीपुर मलावा निवासी श्यामजी केसरवानी (38) पुत्र लालचंद्र केसरवानी शनिवार सुपर मालवाहक पर आलू लादकर बेचने के लिए दारागंज सब्जी मंडी आया था। सुबह के लगभग छह बजे वह दारागंज के गंगामूर्ति तिराहे पर मौजूद था। इसी दौरान उसे अज्ञात हमलावर ने गोली मार दी और भाग निकला।
इस मामले में पुलिस उपाय़ुक्त (सिटी) ने बताया कि यह वारदात शनिवार सुबह पौने छह बजे की है। दारागंज के गंगामूर्ति तिराहे पर श्यामजी केसरवानी को गोली मारी गई है। लहूलुहान श्यामजी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस उपायुक्त (नगर) ने बताया कि श्यामजी के शव को चीरघर भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर नामजद एफआईआर दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दूसरी तरफ घटना की जानकारी होते ही नाराज परिजन व मंडी के कारोबारी दारागंज कोतवाली पहुंच गए और घेराव कर अपना रोष जाहिर किया। इस मामले में दारागंज पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों व कारोबारियों को शांत करवाया। पुलिस ने हत्यारोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


