
इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट डेस्क
नयी दिल्ली:(New Delhi) पूर्वी दिल्ली में एक सफाई कर्मचारी से कथित तौर पर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक अभय वर्मा(MLA Abhay Verma.) की शिकायत पर कथित रूप से उन्हें बदनाम करने को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के दो विधायकों के विरुद्ध असंज्ञेय अपराध का मामला भी दर्ज किया है।
वर्मा ने दावा किया कि पुलिस ने उनकी शिकायत का संज्ञान लिया तथा ‘उनकी छवि खराब’ करने के लिए आप विधायकों–राखी बिरला और कुलदीप कुमार द्वारा लगाये गये झूठे आरोपों को लेकर रिपोर्ट दर्ज की। उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘‘…अवैध वसूली एवं शराब माफिया के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।’’
पूर्वी दिल्ली में एक सफाई कर्मचारी पर कथित हमले के लिए वर्मा से काफी नजदीकी संबंध रखने वाले ‘अज्ञात गुंडों’ के खिलाफ दिल्ली नगर निगम (MCD) द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के एक दिन बाद यह घटनाक्रम सामने आया है।
पुलिस उपायुक्त (East) अमृता गुगुलोथ ने कहा, ‘‘हमें जो शिकायत मिली है, उसके आधार पर हमने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 186 (obstructing public servant in discharge of public functions), धारा 353 (सरकारी कर्मचारी को कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए हमला करना या आपराधिक बल प्रयोग करना) और धारा 34 (सामान्य मंशा) के तहत मामला दर्ज किया है और जांच शुरू की गई है।’’
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) को लिखे एक पत्र में एमसीडी ने बृहस्पतिवार को अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का अनुरोध किया था, क्योंकि मामला ‘‘शारीरिक उत्पीड़न, धमकी और सार्वजनिक अपमान’’ से जुड़ा था।
निगम ने सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो का हवाला दिया था, जिसमें कथित तौर पर कुछ लोगों को एमसीडी कर्मचारी को पीटते हुए देखा जा सकता है।
निगम ने पत्र में कहा है, ‘‘अठाईस दिसम्बर 2022 को घटी एक घटना अधोहस्ताक्षरी के संज्ञान में आई है, जिसमें एमसीडी विभाग में कार्यरत अमित नाम के एक पर्यावरण सहायक को कुछ अज्ञात गुंडों ने पीटा था। इन गुंडों को लक्ष्मीनगर के विधायक अभय वर्मा का करीबी बताया गया है।’’


