
समाजसेवी ने सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलवाने की मांग उठाई
सत्येंद्र द्विवेदी
भदोही: (Bhadohi) लगभग पखवाराभर पहले ही जिला प्रशासन ने जिले के आठ स्थानों पर रैन बसेरा और 28 स्थानों पर नियमित अलाव जलवाने का दावा करने वाले जिला प्रशासन का दावा जरूरत के वक्त थोथा साबित हो रहा है। बीते दो-तीन दिन से पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच रोजाना यात्रा करने वाले लोग और राहगीर बर्फीली हवाओं से ठिठुर रहे हैं।
जनपद के चौरी बाजार में स्थित बस स्टैंड, चौरी रेलवे स्टेशन सहित ममहर बाजार, लच्छापुर बाजार, कंदिया रेलवे फाटक, यूनियन बैंक रोटहा समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कहीं पर भी अलाव नहीं जलवाया जा रहा है। इससे आने-जाने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगबाग चाय की दुकानों पर हाथ सेंकने को मजबूर हो रहे हैं। जबकि चौरी बाजार तिराहे से भदोही, बनारस और महराजगंज के लिए नियमित साधन चलते हैं। दर्जनों बसें और छोटे वाहन यहां से गुजरते हैं। भारी संख्या में लोग दैनिक यात्रा भी करते हैं, लेकिन चौरी तिराहा समेत बस स्टैंड व स्टेशन पर अलाव का कोई इंतजाम नहीं किया गया है। जनसत्ता दल के नेता एवं समाजसेवी राजेंद्र प्रसाद सिंह ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अविलंब अलाव का इंतजाम किए जाने की मांग की है।


