
नासिक: (Nashik) महाराष्ट्र के नासिक में कई मेडिकल कॉलेज (campus of several medical colleges) के एक संयुक्त परिसर में 100 से अधिक छात्र विषाक्त भोजन करने से बीमार पड़ गए और इनमें से करीब 55 छात्र अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बाकी छात्रों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी।एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि जिले के इगतपुरी तालुक स्थित धर्मगांव में एसएमबीटी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर के इन छात्रों ने बुधवार को जी मिचलाने तथा पेट में दर्द की शिकायत की थी।
दोपहर का भोजन करने के बाद करीब 100-125 छात्र बीमार पड़ गए
एसएमबीटी चैरिटेबल ट्रस्ट के एक पदाधिकारी ने कहा कि संस्थान की कैंटीन में दोपहर का भोजन करने के बाद करीब 100-125 छात्र बीमार पड़ गए, जिसके बाद उन्हें परिसर में एसएमबीटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। ज्यादातर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है। करीब 50-55 छात्र अब भी अस्पताल में भर्ती हैं और चिकित्सकों की निगरानी में हैं।पुलिस ने बताया कि कैंटीन का संचालन किसी निजी कंपनी के पास है।


