spot_img

Agartala: चुनाव में माकपा, कांग्रेस को करारा जवाब देंगे लोकतंत्र समर्थक : बिप्लब देब

इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट डेस्क
अगरतला:(Agartala)
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता बिप्लब कुमार देब ने कहा है कि ‘‘लोकतंत्र का समर्थन करने वाले त्रिपुरा के लोग’’ राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPI-M) और कांग्रेस को ‘‘करारा जवाब’’ देंगे।

सिपाहीगंज जिला (Sepahiganj district) के गोलाघाटी इलाके में बृहस्पतिवार को पार्टी के कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि माकपा और उसकी ‘‘गैर-आधिकारिक सहयोगी’’ कांग्रेस ने राज्य में वाम मोर्चा के शासन के दौरान ‘‘त्रिपुरा के लोगों को छला’’ और अब उन्होंने ‘‘लोकतंत्र को बहाल करने’’ के नाम पर हाथ मिलाया है।

देब ने 27 दिसंबर को कांग्रेस और माकपा सहित छह विपक्षी दलों द्वारा जारी एक संयुक्त बयान का जिक्र किया, जिसमें सभी राजनीतिक विचारधारा के लोगों से ‘‘अंधेरे के शासन को समाप्त करने’’ का आग्रह किया गया था।

देब ने दावा किया कि भाजपा ने 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं से किए गए वादों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस बीच, माकपा के वरिष्ठ नेता पबित्रा कार ने देब के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल ‘‘भाजपा के शासन में खतरे में पड़े लोकतंत्र को बहाल करने’’ के लिए एक राजनीतिक गठबंधन के रूप में नहीं, बल्कि आपसी समझ के तहत साथ आए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री माणिक साहा और उनके पूर्ववर्ती बिप्लब कुमार देब सहित सभी भाजपा नेता हमारे प्रयासों से डरे हुए हैं, इसलिए वे इस तरह के निराधार आरोप लगा रहे हैं।’’

त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष गोपाल रॉय ने कहा कि छह राजनीतिक दलों ने संयुक्त बयान जारी कर सभी ‘‘लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष लोगों से लोकतंत्र पर हमलों का विरोध करने के लिए आगे आने’’ की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Explore our articles